पंजाब भाजपा अध्यक्ष सांपला बोले- कैप्टन हाथ में फूल ले लें तो करेंगे उनका स्वागत

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय सांपला का कहना है कि उनकी तरफ से अमरिंदर से कोई बातचीत नहीं हुई, लेकिन अगर वह हाथ में फूल थाम लें तो उनका स्वागत है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 05 Mar 2018 01:03 PM (IST) Updated:Mon, 05 Mar 2018 01:03 PM (IST)
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सांपला बोले- कैप्टन हाथ में फूल ले लें तो करेंगे उनका स्वागत
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सांपला बोले- कैप्टन हाथ में फूल ले लें तो करेंगे उनका स्वागत

जेएनएन, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह हाथ में फूल पकड़ेंगे तो हम उनका स्वागत करेंगे, लेकिन भाजपा की तरफ से ऐसा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। सांपला ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कैप्टन को आजाद फौजी कहने के संबंध में कही।

उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल सही है कि पंजाब में स्वतंत्र फौजी सरकार है। कैप्टन यदि हाईकमान की बात मानते तो अब तक कैबिनेट विस्तार हो गया होता। सांपला ने चंडीगढ़ स्टेट ऑफिस में त्रिपुरा व नागालैंड में भाजपा की जीत का जश्न पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मनाया। एक सवाल के जवाब में सांपला ने कहा कि कैप्टन का विरोध उन्हीं के पार्टी के पूर्व प्रधान प्रताप सिंह बाजवा व शमशेर सिंह दूलो जैसे नेता कर रहे हैं।

प्रदेश सरकार तथा कांग्रेस हाईकमान के मध्य एकजुटता की कमी का स्पष्ट सबूत यह भी है कि मुख्यमंत्री द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा को हाईकमान ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से जनता के साथ कांग्रेसी भी असंतुष्ट हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिए गए बयान कि अगली बार पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी, पर सांपला ने कहा कि हम अकाली दल के साथ हैं। गुरदासपुर उपचुनाव सहित जालंधर, अमृतसर, पटियाला व लुधियाना नगर निगम चुनाव में भाजपा की हार पर उन्होंने कहा 2017 का विधानसभा चुनाव जनता का फतवा था, लेकिन बाकी के चारों चुनाव कांग्रेस ने डंडे के जोर पर जीते हैं।

जालंधर में पोल खोल रैली 18 को

सांपला ने कहा कि कैप्टन सरकार के झूठे वायदों की पोल खोलने के लिए भाजपा 18 मार्च को जालंधर में रोष रैली करेगी। इस रैली में सरकार का कच्चा चि_ा लोगों के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह व राजगुरू को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा की तरफ से जलियांवाला बाग में समारोह आयोजित किया जाएगा। 

आप नेता दीपक सूद ने भाजपा का दामन थामा

आम आदमी पार्टी के सयुक्त सचिव व राजपुरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार रहे दीपक सूद ने भाजपा का दामन थाम लिया है। सांपला ने सिरोपा डालकर उनका स्वागत किया और कहा कि अब पंजाब में भाजपा की हवा चल पड़ी है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल, इकबाल सिंह लालपुरा, प्रदेश सचिव विनीत जोशी सहित तमाम भाजपा नेता मौजूद थे।

यह भी पढ़ेंः मंगेतर से मिलने घर गया था युवक, अचानक जो खबर आई उससे खिसक गई पैरों तले जमीन

chat bot
आपका साथी