मोहाली में 2 साल का बच्चा अगवा, पुलिस ने एक हफ्ते तक दर्ज नहीं किया केस, गरीब मां-बाप ने लगाई ढूंढने की गुहार

मोहाली के डेराबस्सी में दो साल के बच्चे को किसी ने अगवा कर लिया है। परेशान मां-बाप अपने जिगर के टुकड़े को ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं। बच्चा एक हफ्ते से गायब है। पुलिस की लापरवाही का आलम यह है कि बच्चे को ढूंढने का प्रयास नहीं किया।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 27 Nov 2022 10:08 AM (IST) Updated:Sun, 27 Nov 2022 10:08 AM (IST)
मोहाली में 2 साल का बच्चा अगवा, पुलिस ने एक हफ्ते तक दर्ज नहीं किया केस, गरीब मां-बाप ने लगाई ढूंढने की गुहार
बच्चे को अपने साथ गोदी पर उठाकर ले जाता व्यक्ति।

जागरण संवाददाता, मोहाली: मोहाली के डेराबस्सी में दो साल के बच्चे को किसी ने अगवा कर लिया है। परेशान मां-बाप अपने जिगर के टुकड़े को ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं। बच्चा एक हफ्ते से गायब है। बच्चे की मां का आरोप है कि उनके बच्चे को किसी व्यक्ति ने अगवा कर लिया है। इस मामले में पुलिस के पास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति बच्चों को अगवा कर ले जाता नजर आ रहा है। बावजूद मामले में अभी तक डेराबस्सी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने इस संबंध में एफआइआर तक दर्ज नहीं की थी। बच्चे की ने डेराबस्सी के  विधायक कुलजीत रंधावा से बच्चे को ढूंढने की गुहार लगाई है। विधायक के कहने पर पुलिस ने अब बच्चे की तलाश शुरू की है।

बच्चे के परिवार वालों के अनुसार घटना 21 नवंबर की है। घर के साथ पार्क में खेल रहा दो वर्षीय चंदन उसी दिन से लापता है। बच्चे की मां ने बताया कि उसकी आसपास तलाश की गई कोई सुराग नहीं मिला। 21 नवंबर को शाम चार बजे एक व्यक्ति बच्चे को पार्क से अपने साथ ले जाते हुए सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है। बच्चा एक प्रवासी मजदूर का है, जिसका परिवार चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर फ्लाईओवर के नीचे झुग्गी में रहता है। बच्चे के माता-पिता ने बताया कि 21 नवंबर को ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन डेराबस्सी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

परेशान होकर उन्होंने विधायक कुलजीत सिंह रंधावा से गुहार लगाई, जिन्होंने पुलिस को तुरंत बच्चे की तलाश करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाला, जिसमें यह बात सामने आई कि 21 नवंबर पार्क में खेल रहे बच्चे को कोई अज्ञात व्यक्ति साथ ले जाता नजर आया। थाना अध्यक्ष डेराबस्सी जसकंवल सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी