पंजाब में रेल रोको आंदोलन के दौरान यात्री रहे परेशान, विभिन्‍न स्‍टेशनों पर फंसी रहीं ट्रेनें

Farmers Protest पंजाब में आज फिर रेल सेवा बाधित है और ट्रेनें विभिन्‍न स्‍टेशनों पर फंसी रही। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले य‍ात्रियों को भारी परेशानी हुई। पंजाब से शुरू होेने वाली कुछ ट्रेनें दिन में नहीं चलीं।

By Sunil kumar jhaEdited By: Publish:Thu, 18 Feb 2021 08:09 AM (IST) Updated:Thu, 18 Feb 2021 04:05 PM (IST)
पंजाब में रेल रोको आंदोलन के दौरान यात्री रहे परेशान, विभिन्‍न स्‍टेशनों पर फंसी रहीं ट्रेनें
Farmers Protest: पंजाब में किसानों के रेल रोकाे आंदोलन क‍े कारण सरहिंद रेलवे स्‍टेशन पर फंसी दुर्गा एकसप्रेस। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़ / फिरोजपुर, जेएनएन। पंजाब में एक बार फिर रेल सेवा बाधित रही और किसान रेल ट्रैकों पर जमे रहे। कृषि कानून के खिलाफ किसान संगठनों ने दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक रेलवे ट्रैकों को जाम किया। इससे ट्रेनों को विभिन्‍न स्‍टेशनों पर रोक दिया गया। इससे रेल यात्रियों खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे ने इस दौरान ट्रेनों की आवाजाही रोक दी।

सरहिद रेलेवे स्‍टेशन पर दुर्गा एक्सप्रेस भी फंसी रही। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री बेहद परेशान रहे। रेलवे के अनुसार सुरक्षा जांच के बाद ट्रेनों को शुरू कर दिया जाएगा।  बता दें कि पंजाब में पिछले साल दो महीने से अधिक समय तक किसानों के आंदोलन के कारण रेल सेवा ठप रही थी और ट्रेनाें का संचालन बंद रहा था। काफी जद्दोजहद के बाद राज्‍य में ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ था। किसानाें के आज के रेल रोको आंदोलन के मद्देनजर राज्‍यभर में रेल ट्रैकाेंऔर रेल वे स्‍टेशनों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

फिरोजपुर रेलवे मंडल के प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने बताया कि किसानों के आंदोलन के दौरान दाेपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ट्रेनों का संचालन नहीं किया गया। रेल एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया  कि फिरोजपुर मंडल से चलने वाली स्पेशल यात्री गाडि़यों को देरी से चलाया जाएगा। यात्री गाडि़यों को महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।

उन्होंने कहा कि अभी किसान संगठन सिर्फ अमृतसर के जंडियाला गुरु में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कारण अमृतसर से संचालित होने वाली कुछ ट्रेनों को रद, कुछ को आंशिक रूप से रद करके और कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है। उन्होंने जंडियाला गुरु में धरने पर बैठे किसान संगठनों से अपील की है कि वे रेल ट्रैक को पूरी तरह खाली कर दें ताकि अमृतसर से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों को सुगमतापूर्वक संचालित किया जा सकें और पंजाब की जनता को सुविधाजनक रेल सेवा प्रदान की जा सके।

अमृतसर से रोजाना दो गाडि़यां चलती हैं। पहली गाड़ी सुबह सवा सात बजे हरिद्वार के लिए जनशताब्दी व दूसरी पौने आठ बजे मुंबई के लिए पश्चिम एक्सप्रेस है। दोनों धरने से पहले रवाना हो जाएंगी। इसके अलावा 1:05 पर फ्लाइंग एक्सप्रेस रवाना होती है, इस गाड़ी को वाया तरनतारन, गोइंदवाल से होते हुए व्यास की तरफ से रवाना किया जाना है।

chat bot
आपका साथी