Booster Dose: कोरोना वैक्सीन फ्री बूस्टर डोज लगवाने का आज आखिरी मौका, चंडीगढ़ में 1,08,656 ने लगवाया तीसरा टीका

Free Booster Dose कोरोना वैक्सीन की फ्री बूस्टर डोज लगवाने का आज आखिरी दिन है। आज के बाद बूस्टर डोज लगवाने के लिए जेब ढीली करनी होगी। चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभााग ने लोगों से अपील की है कि वह आज तीसरा टीका जरूर लगवाएं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Sep 2022 08:13 AM (IST) Updated:Fri, 30 Sep 2022 08:13 AM (IST)
Booster Dose: कोरोना वैक्सीन फ्री बूस्टर डोज लगवाने का आज आखिरी मौका, चंडीगढ़ में 1,08,656 ने लगवाया तीसरा टीका
चंडीगढ़ में कुल एक लाख लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। सांकेतिक फोटो

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Free Booster Dose: कोरोना वैक्सीन की फ्री बूस्टर डोज लगवाने का आज अंतिम दिन है। जो लोग वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके हैं वह आज शहर के टीकाकरण केंद्रों में जाकर मुफ्त में तीसरा यानी बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। क्योंकि कल से बूस्टर डोज लगवाने के लिए पैसे देने होंगे।

बता दें कि देशभर में मनाया जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 दिन के लिए देशभर में वैक्सीन की बूस्टर डोज मुफ्त में लगाई जा रही थी,  जिसका आज अंतिम दिन है। यह मुहिम 15 जुलाई को शुरू की गई थी, जोकि 30 सितंबर को पूरी हो रही है। चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में बूस्टर डोज मुफ्त लगाई जा रही है। एक अक्टूबर से बूस्टर डोज के पैसे देने होंगे।

चंडीगढ़ में अब तक 18 साल से अधिक उम्र के एक लाख लोग बूस्टर डोज लगवा चुके हैं। 18 साल से अधिक उम्र के अब तक 12.89 फीसद यानी 1,08,656 लोग बूस्टर डोज लगवा चुके हैं। 12 से 14 साल की उम्र के 80.84 फीसद यानी 36,379 बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज और 55.12 फीसद यानी 24,804 बच्चों को डबल डोज लग चुकी है। 15 से 18 साल की उम्र 103.84 फीसद यानी 74,768 किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज और 74.61 फीसद यानी 53,721 को दोनों टीके लग चुके हैं। 18 साल से अधिक उम्र के अब तक 129.16 फीसद यानी 10,88,829 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और 108.67 फीसद यानी 9,16,113 को दूसरी डोज लग चुकी है।

स्वास्थ्य निदेशक डाक्टर सुमन सिंह ने बताया कि 30 सितंबर को लोगों के पास आखिरी मौका है कि वह अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पहुंचकर कोविड वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवाएं। 18 साल से अधिक उम्र के जिन लोगों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाए 26 हफ्ते या फिर छह महीने का समय बीत चुका है, वह तीसरा टीका लगवा सकते हैं।

डा. सुमन सिंह ने कहा हो सकता है कि नई गाइडलाइंस के तहत 30 सितंबर के बाद सतर्कता डोज लगवाने के लिए लोगों को शुल्क अदा करना पड़े। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरवासियों से अपील है कि वह आज बूस्टर डोज जरूर लगवा लें। 

बता दें कि चंडीगढ़ में लोग बूस्टर डोज लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। क्योंकि अभी तक कुल एक लाख लोगों को ही तीसरा टीका लगा है।  फ्री होने के बावजूद लोग बूस्टर डोज के लेकर सतर्कता नहीं बरत रहे हैं।  स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है, जो योग्य लोग हैं वह जरूर वैक्सीन की तीसरी डोज लें। 

chat bot
आपका साथी