By Election 2022 Result: संगरूर में हार कर भी कांग्रेस को मिला जीत का आनंद, गांव-गांव पर पहुंचने से भाजपा भी गदगद

Sangrur By Poll Result संगरूर लोकसभा के उपचुनाव में सिमरनजीत सिंह मान ने जीत दर्ज की है। भले ही चुनाव में कांग्रेस व भाजपा दोनों के प्रत्याशी हारे हैं लेकिन दोनों ही दल चुनाव परिणामों से खुश हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 26 Jun 2022 03:55 PM (IST) Updated:Sun, 26 Jun 2022 06:51 PM (IST)
By Election 2022 Result: संगरूर में हार कर भी कांग्रेस को मिला जीत का आनंद, गांव-गांव पर पहुंचने से भाजपा भी गदगद
अश्विनी शर्मा व अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की फाइल फोटो।

कैलाश नाथ, चंडीगढ़। संगरूर में लोकसभा उप चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी में हर्ष का माहौल है। भले ही दोनों ही पार्टियों को चुनाव में करारी हार हुई हो, लेकिन इस हार में भी दोनों पार्टियां अपनी जीत देख रही है।

दरअसल, तीन माह पहले 92 सीटों पर अप्रत्याशित जीत दर्ज कर सबको चौका देने वाली आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुरमेल सिंह को शिरोमणि अकाली दल मान के सिमरनजीत सिंह मान के हाथों 5,822 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। भले ही दोनों पार्टियां जीत न पाई हों, लेकिन आप की हार में उन्हें अपनी जीत दिखाई दे रही है।

अहम बात यह है कि शुरू से ही दोनों पार्टियां चुनाव में विजयी दौड़ में शामिल नहीं थी, लेकिन दोनों ही पार्टियों में इस बात को लेकर होड़ लगी थी कि तीसरे नंबर पर कौन आता है। जिसमें कांग्रेस के दलवीर गोल्डी ने भाजपा के केवल ढिल्लों को 13,370 वोटों से शिकस्त दी।

गोल्डी 79,668 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे तो केवल ढिल्लों 66,298 वोटों के साथ चौथे नंबर पर। भाजपा हार के बावजूद इस बात को लेकर खुश है कि एक तो आप सरकार के प्रत्याशी की हार हुई। दूसरा यह पहला मौका रहा जब भाजपा के झंडे-बैनर संगरूर के गांव-गांव में लगे और हरेक बूथ पर भाजपा का स्टाल लगा।

शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन में रहते हुए भाजपा संगरूर में कभी चुनाव नहीं लड़ी थी। वहीं, कांग्रेस के आनंद का राज्य यह है कि सिमरनजीत सिंह मान ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का दुर्ग ध्वस्त कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने जहां सिमरनजीत सिंह मान को बधाई दी है। वहीं, उन्होंने कहा है कि चुनाव परिणाम आप सरकार से लोगों की नाराजगी दर्शाती है।

कांग्रेस के लिए राहत की बात यह भी है कि उपचुनाव में हार के बाद सरकार का ध्यान कानून व्यवस्था को सुधारने की तरफ जाएगा, क्योंकि अभी तक आप सरकार ने जिस प्रकार से कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों व विधायकों पर शिकंजा कसा हुआ है। इससे भी कांग्रेस के अंदर खासी बेचैनी देखी जा रही थी।

आप सरकार ने जहां कांग्रेस के पूर्व मंत्री साधू सिंह धर्मसोत और संगत सिंह गिलजियां के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। वहीं, भोआ से पूर्व विधायक जोगिंदर पाल को भी गिरफ्तार किया हुआ है, जबकि सरकार कांग्रेस के प्रदेश प्रधान व विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, भारत भूषण आशु पर भी पर्चा दर्ज करने की तैयारी में है।

वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने सिमरनजीत सिंह मान को बधाई देते हुए कहा, पंजाब ने ताबड़तोड़ हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था पर अपना फैसला दिया। भगवंत मान अपनी लोक सभा सीट पर ही आप पार्टी को जीत नहीं दिला पाए।

chat bot
आपका साथी