चंडीगढ़ में चल रही दल बदल की राजनीति, आप में शामिल हो रहे दूसरे दलों के नेता और कार्यकर्ता
सिटी ब्यूटीफुल में राजनीतिक दल खुद को मजबूत करने में जुटे हैं। इस साल के अंत में नगर निगम चुनाव होने हैं इसको लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। आम आदमी पार्टी तो दूसरे दलों को नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कर रही है।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। चंडीगढ़ में इन दिनों दल बदल की राजनीति हो रही है। आम आदमी पार्टी खुद को मजबूत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। पार्टी की नजर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं पर है, जिन्हें वह अपनी पार्टी में शामिल करके अपनी स्थिति मजबूत कर सकते हैं। इस साल के अंत में नगर निगम चुनाव हैं इसलिए आम आदमी पार्टी दूसरे दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर रही है।
रविवार को आम आदमी पार्टी के दो कार्यक्रम हुए, जहां पर दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं को आप में शामिल करवाया गया। जब से चंद्रमुखी शर्मा कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए हैं तब से दल बदल की राजनीति ज्यादा सक्रिय हुई है। चंद्रमुशी शर्मा को नगर निगम का ही आब्जर्वर बनाया गया है। ऐसे में दिसंबर 2021 में होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवार खड़े करना भी उनकी जिम्मेदारी है। ऐसे में वह कांग्रेस और भाजपा के ऐसे नेताओं की सूची तैयार कर रहे हैं जिनको उनकी पार्टी से टिकट नहीं, मिलेगी लेकिन उनकी वार्ड में स्थिति मजबूत है।
आप का दावा है कि अगले दिनों में और भी नेता उनके यहां पर शामिल होने वाले हैं। इस बार कांग्रेस और भाजपा ही नहीं बल्कि आप और शिरोमणी अकाली दल भी सभी वार्ड में अपनी उम्मीदवार मैदान में उतारेगा। आप के नेताओं की इस समय धनास के व्यापारी एवं समाजसेवी अनिल मदान से भी बात चल रही है। अनिल इस समय भाजपा में है वह लोकसभा चुनाव में पूर्व मेयर पूनम शर्मा के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। अनिल मदान का धनास में अच्छा दबदबा है।
रविवार को यह हुए शामिल
रविवार को विकास नगर में अपना दल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पारसनाथ भार्गव के अलावा राम लखन सत्यवान यादव, सत्य प्रकाश यादव, इंद्र फूल गौतम, जाहिर हुसैन, रोहित पांडे, अनिल श्रीवास्तव और कृष्ण कुमार पांडे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। सेक्टर -29 के रहने वाले समाजसेवी जयदीप मल्होत्रा अपने युवा साथियों के साथ आप में शामिल हुए। आप अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा आम आदमी पार्टी ईमानदार राजनीति को बढ़ावा देने का काम कर रही है। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री विक्रम सिंह पुंडीर, नगर निगम चुनाव प्रभारी चंद्रमुखी शर्मा, प्रदेश यूथ अध्यक्ष जस्सी लुबाना, प्रदेश उपाध्यक्ष पीपी घई, ओमप्रकाश तिवारी, दलीप कुमार, प्रदेश कॉलोनी सेल अध्यक्ष राजेंद्र हिंदुस्तानी, प्रदेश महासचिव गुरुदेव यादव, प्रदेश कार्यालय सचिव अरविंद चौहान और अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।