सिटी ब्यूटीफुल की हरियाली में दिया योगदान, आज दैनिक जागरण करेगा सम्मान

दैनिक जागरण और आर्गेनिक शेयरिग द्वारा पहले ग्रीन फील्डमैन अवॉर्ड से आज नवाजा जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Nov 2019 09:16 PM (IST) Updated:Sat, 16 Nov 2019 09:16 PM (IST)
सिटी ब्यूटीफुल की हरियाली में दिया योगदान, आज दैनिक जागरण करेगा सम्मान
सिटी ब्यूटीफुल की हरियाली में दिया योगदान, आज दैनिक जागरण करेगा सम्मान

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ ही नहीं, देशभर में पर्यावरण में बदलाव बड़ा और गंभीर मुद्दा बन गया है। अगर अभी भी हम नहीं संभले तो आने वाला समय मानव जीवन को संभलने का मौका नहीं देगा। जिस रफ्तार से पर्यावरण में बदलाव हो रहा है, उससे आने वाला समय मुश्किलों भरा होगा। दैनिक जागरण समूह द्वारा पर्यावरण की समस्या को देखते देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी गंभीरता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन ऐसे अभियान में लोगों की सामूहिक भागेदारी होना भी जरूरी है। दुनिया के सबसे खूबसूरत शहरों में शुमार चंडीगढ़ और साथ लगते मोहाली-पंचकूला (ट्राईसिटी) में भी प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिसका बड़ा कारण बीते वर्षो में यहां की आबादी में तेजी से बढ़ोतरी और उस अनुपात में पौधारोपण नहीं करना है। चंडीगढ़ जैसे शहर की जनसंख्या से अधिक वाहन अधिक हैं। इसी समस्या को देखते हुए दैनिक जागरण द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए ट्राईसिटी में 2018 में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान को शुरू किया गया। बीते दो सालों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों की सोच में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लोग अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। पद्मश्री बाबा सेवा सिंह ने पर्यावरण को समर्पित किया जीवन

दैनिक जागरण द्वारा रविवार को आयोजित किए जाने वाले सम्मान समारोह में पर्यावरण के क्षेत्र में अपना जीवन समर्पित करने देने वाली जानी मानी हस्ती पद्मश्री बाबा सेवा सिंह शिरकत करेंगे। बाबा सेवा सिंह का जीवन लोगों के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत से कम नहीं है। बीते चालीस वर्षो में इन्होंने लाखों की संख्या में पौधारोपण कर पंजाब ही नहीं कई अन्य शहरों की आबोहवा ही बदल दी। इनके इस मिशन में आज हजारों लोग इनके साथ खड़े हैं। बाबा सेवा सिंह का जन्म 15 मार्च 1960 को गांव बाणिया खंडूर साहिब में हुआ। पिता सरदार फौजा सिंह और मां हरबंश कौर से प्रेरित सेवा सिंह ने 1992 में कार सेवा में बाबा उत्तम सिंह के देहांत के बाद कार सेवा की बागडोर संभाली और यहीं से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए बहुत काम किया। इन्होंने न सिर्फ हर घर में बूटा (पौधा) लगाने का अभियान चलाया बल्कि कई गांवों का हजारों पौधे लगाकर हुलिया ही बदल डाला। खुद को लाइमलाइट (दिखावे) से दूर रखने वाले बाबा सेवा सिंह के पर्यावरण के प्रति जुनून को देखते हुए 2010 में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल के हाथों पद्मश्री सम्मान मिला। बाबा सेवा सिंह ने 450 गांवों का किया कायाकल्प

बाबा सेवा सिंह ने 1999 में वातावरण संभाल संबंधी योजना पर काम करना शुरू कर दिया। उन्होंने सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश राज्यों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी काम किया है। 2010 में इन्होंने 450 गांवों को गोद लेकर वहां पर हरियाली के लिए लाखों की संख्या में पौधारोपण किया। 450 किलोमीटर सड़क के किनारे पांच लाख से अधिक पौधारोपण का प्रोजेक्ट पूरा किया। जिसमें बोहड़, पीपल और नीम के पौधे शामिल हैं। खूंडर साहिब में बाबा द्वारा तैयार विभिन्न नर्सरी में हर वक्त दो लाख के करीब पौधा लोगों को बांटने के लिए तैयार होता है। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर इन्होंने 550 जंगल तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया और उसमें से 40 का काम पूरा हो चुका है। ग्वालियर में बन रहे न्यू ग्वालियर सिटी में 10 गुरुओं के नाम पर दस पार्क भी बाबा सेवा सिंह की देखरेख में तैयार किए जा रहे हैं। आज 50 से अधिक लोगों को सम्मान

दैनिक जागरण और आर्गेनिक शेयरिग द्वारा ग्रीन फील्डमैन अवॉर्ड समारोह रविवार सुबह 11 बजे सेक्टर-27 स्थित प्रेस क्लब में आयोजित किया जाएगा। पर्यावरण के लिए काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को विभिन्न कैटेगरी के तहत करीब 50 अवॉर्ड दिए जाएंगे। ज्यूरी द्वारा इन लोगों का चयन किया गया है। पद्मश्री बाबा सेवा सिंह इस मौके पर मुख्य अतिथि होंगे, जबकि नगर निगम कमिश्नर केके यादव विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।

chat bot
आपका साथी