चंडीगढ़ में भाजपा की मोदी किचन और कांग्रेस के नेता कोरोना मरीजों के घर पहुंचा रहे खाना

चंडीगढ़ में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल कोरोना मरीजों की सहायता में जुटे हुऐ हैं। एक ओर जहां भाजपा ने मोदी किचन शुरू किया है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने भी कोरोना मरीजों को खाना उपलब्ध करवाने के लिए हेल्पलाइन शुरू की हुई है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 02 May 2021 10:46 AM (IST) Updated:Sun, 02 May 2021 10:46 AM (IST)
चंडीगढ़ में भाजपा की मोदी किचन और कांग्रेस के नेता कोरोना मरीजों के घर पहुंचा रहे खाना
चंडीगढ़ भाजपा द्वारा चलाए जा रहे मोदी किचन में कोरोना मरीजों को खाना तैयार किया जा रहा है।

चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ भाजपा की ओर से मोदी किचन के अलावा अब रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इम्यननिटी बूस्टर बांटने का भी अभियान शुरू कर दिया गया है। सेवा ही संगठन पार्ट 2 कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए लोगों को इम्युनिटी बूस्टर के 500 पैकेट बांटे गए। वहीं कांग्रेस की ओर से इसी तरह से मरीजों के घर पर खाना पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों में कोरोना मरीजों के घर तक खाना पहुंचाने की होड़ लगी हुई है। ऐसा करके वह लोगों को अपनी पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश सचिव हुकुमचंद द्वारा तैयार किए गए ये इम्युनिटी बूस्टर पैकेट आयुर्वेदिक दवाई गिलोय और बसोता को मिलाकर बनाए गए हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि इसके अलावा करोना संक्रमित परिवारों को भोजन पहुंचाने की मुहिम में रसोई की शुरुआत राष्ट्रीय कार्यकारी समिति सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन द्वारा की गई। इस रसोई से एक दिन में 200 से 250 खाने के पैकेट बांटे जा रहे हैं। शनिवार को एक दिन में 270 पैकेट खाने विभिन्न कोरोना संक्रमित परिवारों तक पहुंचाए गए। जबकि अब तक 1500 के करीब खाने के पैकेट जरूरतमंदों तक पहुचाएं जा चुके हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वह भी अब तक एक हजार से ज्यादा लोगों के घर पर खाना पहुंचा चुके हैं।

भाजपा ने शुरू की हेल्पलाइन

चंडीगढ़ भाजपा ने खाना की डिमांड करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया हुआ है। पिछले साल कोरोना काल में भाजपा की ओर से 75 किचन चलाई गई थी। उस समय भाजपा की ओर से 75 हजार खाने के पैकेट सप्लाई किए थे। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह किचन आगे भी जारी रहेगी। इस कार्यक्रम के तहत संक्रमित परिवारों को खाना पहुंचाने के अलावा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अमित जिंदल की  देखरेख में मरीजों के लिए  ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की जा रही है । भाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी की देखरेख में यह किचन चल रही है।

धनास में कांग्रेस नेता प्रेमपाल चौहान ने शुरू की हेल्पलाइन

वहीं धनास की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में कोरोना संक्रमित और होम आइसोलेशन में रह रहे परिवारों की मदद के लिए कांग्रेस नेता प्रेमपाल चौहान ने पहल की है। चौहान ने एक हेल्पलाइन नंबर 9646834900 जारी किया है ताकि जरूरतमंद परिवारों तक खाना व अन्य सामान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस इलाके में बहुत से ऐसे घर हैं जहां पूरे परिवार के सदस्य या तो कोरोना संक्रमित हैं या फिर होम आइसोलेशन की वजह से बाहर नहीं जा सकते।ऐसे लोग इस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल या फिर व्हाट्सएप कर मदद ले सकते हैं। दोपहर को 11 से 12 और शाम को 5 से 6 बजे कॉल कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी