भगवंत मान का आरोप- भाजपा मुझे खरीदना चाहती थी; BJP ने दी नेता का नाम उजागर करने की चुनौती

पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान ने भाजपा पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। कहा कि भाजपा प्रलोभन देकर उन्हें खरीदना चाहती थी लेकिन उन्होंने मना कर दिया। वहीं भाजपा ने उस नेता का नाम बताने को कहा कि जिसने प्रलोभन दिया।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 09:58 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 10:03 AM (IST)
भगवंत मान का आरोप- भाजपा मुझे खरीदना चाहती थी; BJP ने दी नेता का नाम उजागर करने की चुनौती
पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़/नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के पंजाब के अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान ने भाजपा पर उन्हें पार्टी में शामिल होने की एवज में पैसे देने की पेशकश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने रविवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'चार दिन पहले भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने मुझे फोन किया और पूछा कि आप भाजपा में शामिल होने के लिए क्या लेंगे। मुझे पैसे और पद दोनों की पेशकश की गई। भाजपा मुझे खरीदना चाहती थी।' वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि भगवंत मान में हिम्मत है तो नेता का नाम उजागर करें। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष शर्मा ने कहा कि झूठ बोलो और भाग जाओ, यह आम आदमी पार्टी की फितरत है।

मान ने कहा, 'मुझे कहा गया कि यदि आप एक बार हां कर दें तो आपको केंद्र में कैबिनेट मंत्री भी बनाया जाएगा और मनपसंद मंत्रालय दिया जाएगा। मैंने भाजपा नेता को जवाब दिया कि मैं मिशन पर हूं, कमीशन पर नहीं।' मान ने कहा, 'बीजेपी ने कई राज्यों में जोड़-तोड़ कर सरकारें बनाई, लेकिन भगवंत मान को न खरीद सकती। खरीद व बिक्री उनकी होती है जो बाजारू होते हैं। पंजाब के लोग बीजेपी से नफरत करते हैं। यहां उसका पहले भी कोई आधार नहीं था और अब भी नहीं है।' कैप्टन अमरिंदर सिंह व सुखदेव सिंह ढींडसा के भाजपा से समझौते के दावे पर मान ने कहा कि भाजपा के नेता इधर-उधर हाथ-पांव मार रहे हैं, लेकिन परिणाम शून्य ही होगा।

भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं : चड्ढा

पंजाब में आप के सह-प्रभारी एवं विधायक राघव चड्ढा ने भी प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि पंजाब में हमारे सांसद व विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए प्रलोभन दिया जा रहा है। भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं हैं, तो वह आप में आना चाह रहे कांग्रेस के 25 विधायकों को ले ले। हमारी पार्टी को तोड़ना बंद करे। हमने पंजाब में अपने नेताओं को हिदायत दे दी है कि वे भाजपा नेताओं की बातचीत रिकार्ड कर सार्वजनिक करें।

अपनी पार्टी को ब्लैकमेल करने के लिए लगा रहे आरोप: शर्मा

भाजपा के प्रदेश महामंत्री डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि आप सांसद जिन नेता से बातचीत का दावा कर रहे हैं, उनका नाम सार्वजनिक करें। मान का बयान पार्टी में खत्म होते अपने वर्चस्व को बचाने के लिए है। उन्हें आप ने दरकिनार कर दिया है। वह पार्टी को ब्लैकमेल करने के लिए आरोप लगा रहे हैं। सारा पंजाब जानता है कि भगवंत मान कांग्रेस सहित कई दलों के संपर्क में हैं। वह जल्द ही आप को छोडऩे वाले हैं। आप के नेता पहले झूठ बोलते हैं और फिर मानहानि केस होने पर कोर्ट में माफी मांगते फिरते हैं। झूठे आरोप लगाना और भाग जाना उनकी फितरत है। भाजपा सरकार बना कर जवाब देगी।

chat bot
आपका साथी