फेम स्कीम से चंडीगढ़ में चलेंगी 80 इलेक्ट्रिक बसें

चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक बसें चलाने को हरी झंडी मिल गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Sep 2020 09:52 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 05:04 AM (IST)
फेम स्कीम से चंडीगढ़ में चलेंगी 80 इलेक्ट्रिक बसें
फेम स्कीम से चंडीगढ़ में चलेंगी 80 इलेक्ट्रिक बसें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : लंबे इंतजार के बाद ही सही, चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक बसें चलाने को हरी झंडी मिल गई है। केंद्र सरकार की फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्यूफेक्चरिग ऑफ हाईब्रिड एंड इलेक्ट्रिक व्हीकल (फेम) स्कीम के तहत 80 बसें चंडीगढ़ को मिलेंगी। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को दिल्ली में फेम इंडिया स्कीम के फेज-2 की घोषणा की। जिसमें चंडीगढ़ के साथ महाराष्ट्र को 240, गुजरात को 250 और गोवा को 100 बसें देने का फैसला लिया। इसके अलावा मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, गुजरात और पोर्ट ब्लेयर के लिए 241 चार्जिग स्टेशन स्वीकृत किए गए हैं। फेम फेज-1 के लिए चंडीगढ़ ने 200 बसों का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा था। लेकिन चंडीगढ़ का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद फेज-2 के लिए दोबारा से केवल 80 बसों के लिए आवेदन भेजा गया। अब यह 80 बसें चंडीगढ़ को मिलेंगी। 2021 की शुरुआत में चंडीगढ़ की सड़कों पर यह बसें दिखने लगेंगी। फेम में मिलती है सब्सिडी

नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के विनिर्माण और उनके तेजी से इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए एक अप्रैल 2015 से फेम इंडिया योजना लागू की थी। इस योजना का दूसरा चरण एक अप्रैल 2019 से अगले तीन वर्षो के लिए शुरू हुआ। जिसमें 2021-22 तक कुल 10,000 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश में इलेक्ट्रिक और हाईब्रिड वाहनों के तेजी से इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर शुरुआती स्तर पर प्रोत्साहन राशि से लेकर वाहनों की चार्जिग के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर यह खर्च की जा रही है। फेम में बस खरीदने पर लगभग 75 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलती है। चंडीगढ़ को कुल कीमत का 25 फीसद खुद वहन करना होगा। किलोमीटर स्कीम के तहत भी चलेंगी 40 बसें

फेम स्कीम में बसों को स्वीकृति नहीं मिलने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने अपने स्तर पर ही इलेक्ट्रिक बसें चलाने की प्रक्रिया शुरू कर कंपनियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट मांगे थे। 40 बसें चलाने के लिए पहले टेंडर में कंपनी ने 74 रुपये प्रति किलोमीटर रेट कोट किया। लेकिन ज्यादा रेट होने की वजह से चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिग ने दोबारा टेंडर किया। इसमें भी 64 रुपये का रेट सबसे कम रहा। अधिकारियों ने पुणे में 56 रुपये प्रति किमी रेट पर चल रही बसों का संचालन भी विजिट कर देखा। अभी कोई कंपनी इसके लिए फाइनल नहीं हो सकी है। अब देखना यह होगा कि चंडीगढ़ अपने स्तर पर आगे भी बस चलाने की प्रक्रिया जारी रखेगा या फेम से मिलने वाली 80 बसें ही चलेंगी। इससे पहले चंडीगढ़ ने इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल भी किया था। देश में पर्यावरण, प्रदूषण और ईधन जैसी चुनौती से निपटने के लिए मोदी सरकार की ओर से इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई फेम इंडिया स्कीम के तहत चंडीगढ़ को 80 बसों का काफिला मिला है। केंद्र सरकार के इस फैसले का चंडीगढ़ स्वागत करता है और आभार भी जताते हैं। चंडीगढ़ के पर्यावरण को साफ रखने में यह बसें सहायक होंगी।

-किरण खेर, सांसद

chat bot
आपका साथी