पीजीआइ में राजनाथ सिंह ने किया सराय का उद्घाटन

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पीजीआइ में 300 बेड वाली सराय

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Jan 2018 10:34 PM (IST) Updated:Tue, 30 Jan 2018 10:34 PM (IST)
पीजीआइ में राजनाथ सिंह ने किया सराय का उद्घाटन
पीजीआइ में राजनाथ सिंह ने किया सराय का उद्घाटन

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पीजीआइ में 300 बेड वाली सराय का उद्घाटन किया। वह करीब 11.30 बजे पीजीआइ पहुंचे। पहले उन्होंने वहां पौधरोपण भी किया। अब पीजीआइ में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रुकने में कोई समस्या नहीं होगी।

सराय का निर्माण सयुंक्त रूप से पीजीआइ, रेड क्रॉस और सॉफ्टवेयर कंपनी इंफोसिस ने किया है। जमीन पीजीआइ ने दी है तो इंफोसिस ने 22 करोड़ बतौर कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत दिए हैं। प्रबंधन का काम रेड क्रॉस सोसायटी ने किया है।

सराय पर करीब 22 करोड़ की कुल लागत आई है। सराय में कुल 36 डोरमेटरी और 13 प्राइवेट रूम हैं। 100 रुपये में डोरमेटरी और 500 रुपये में प्राइवेट रूम बुक किए जाएंगे। इस मौके पर प्रशासक वीपी बदनौर, सांसद किरण खेर, एडवाइजर परिमल रॉय, डीसी अजीत बालाजी जोशी, पीजीआइ डायरेक्टर प्रोफेसर जगतराम, डीडीए अमिताभ अवस्थी, डीन डॉ. राजेश कुमार, डीएसपी रामगोपाल और एईओ मनोज खत्री मौजूद रहे।

मरीज भेजने को लेकर बवाल

गृहमंत्री के आने से पहले एक मरीज के परिजनों के साथ पीजीआइ के अधिकारियों की ओर से दु‌र्व्यवहार का मामला भी सामने आया। लड़की को पेरालिसिस हुआ था। परिजनों ने बताया कि उन्हें व्हील चेयर देने के लिए बुलाया गया था। जब वे पहुंचे तो अधिकारियों ने गृहमंत्री के आने से पहले लड़की को ले जाने को कहा। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई। लड़की का नाम पूजा था और 20 अगस्त 2016 को एक्सीडेंट के बाद वह कोमा में थी।

गवर्नमेंट हॉस्पिटल-16 में किया एडम ब्लॉक का उद्घाटन

सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट हॉस्पिटल में राजनाथ सिंह ने प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इस पर करीब 12 करोड़ की लागत आई है। सभी दफ्तरों को इसमें शिफ्ट किया जाएगा। वह यहां ज्यादा देर नहीं रुके। हॉस्पिटल में 4.5 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम तैयार किया गया है।

उद्घाटन के बाद दिखी कमियां

कार्यक्रम खत्म होने के बाद कई तरह की कमियां सराय और संबंधित काम में काम में दिखी। सराय के लिए बने 75 हजार लीटर के अंडर ग्राउंड वाटर टैंक का सेंसर सिस्टम काम नहीं कर रहा था। इसको बाद में मैकेनिक रिपेयर करते नजर आए। वहीं कई जगह अग्निशमन यंत्रों में एक्सपायरी डेट ही नहीं अंकित की गई थी।

सराय की देख-रेख कैसे होगी?

अब सवाल यह है कि सराय की देखरेख कैसे होगी। इसको लेकर डीसी अजीत बालाजी जोशी से पूछा तो उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस का भी कुछ न कुछ हो ही जाएगा। देखरेख का जिम्मा रेड क्रॉस सोसायटी को होगा।

एनएसयूआइ कार्यकर्ता पुलिस ने पकड़े

उद्घाटन के समय पीजीआइ के सामने पीयू के गेट नंबर एक पर प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआइ के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उठाया। वे कासगंज में हिंसा, हरियाणा में दुष्कर्म की घटनाओं और यौन शोषण के मामले में सजा पा चुके पूर्व डीजीपी राठौड़ को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बुलाने का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शन करने वालों में मनोज लुबाणा, अक्षय शर्मा, विशाल चौधरी, चंदन राणा, अनंत चौधरी, अर्जुन और आकाश कोहली शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी