सेवा केंद्र का सर्वर डाउन, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

। पंजाब सरकार ने लोगों का कीमती समय बचाने के लिए सेवा केंद्रों की शुरुआत की थी। इसके बावजूद लोगों की परेशानी कम नहीं हुई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 02 Sep 2020 11:19 PM (IST) Updated:Wed, 02 Sep 2020 11:19 PM (IST)
सेवा केंद्र का सर्वर डाउन,  लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
सेवा केंद्र का सर्वर डाउन, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

जागरण संवाददाता, अमृतसर

पंजाब सरकार ने लोगों का कीमती समय बचाने के लिए सेवा केंद्रों की शुरुआत की थी। इसके बावजूद लोगों की परेशानी कम नहीं हुई। लोगों के अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर से तो निजात मिल गई, मगर सेवा केंद्र का सर्वर उनके लिए अकसर परेशानी का सबब बना रहा। लोग भी इंतजार के आदी हो गए हैं। उन्हें पता है कि पांच मिनट के काम के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना है तो वे समय से पहले ही सेवा केंद्र में पहुंच जाते हैं।

दिहाड़ी हो गई खराब : हरप्रीत कौर

खंडवाला की हरप्रीत कौर ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करती है। उसने अपने बच्चे को स्कूल में दाखिल करवाने के लिए बैकवर्ड क्लास (बीसी) का सर्टिफिकेट बनवाना है। वह सुबह से तहसील के सेवा केंद्र में आई है लेकिन दोपहर 12 बजे तक उसकी बारी नहीं आई। अब कहा जा रहा है कि सेवा केंद्र का सर्वर डाउन है। यह कब ठीक होगा, कोई नहीं बता रहा। वे अपनी दिहाड़ी तोड़ कर पहुंची और आज ही काम करवाना चाहती हैं ताकि उसकी अगले दिन की दिहाड़ी नहीं टूटे।

लगता है एक और चक्कर लगाना पड़ेगा: गुरदेव सिंह

ख्याला गांव के गुरदेव सिंह ने बताया कि उनके गांव के पास भी सेवा केंद्र है, जिसका सर्वर अकसर डाउन ही रहता है। यही सोच कर वह 25 किलोमीटर का सफर तय कर जिला तहसील के सेवा केंद्र पहुंचा ताकि बच्चे के दाखिले के लिए अनुसूचित जाति का सर्टिफिकेट बनवा सके। लेकिन तहसील के सेवा केंद्र का हाल भी गांव के सेवा केंद्र से अच्छा नहीं। उसने सोचा था कि यहां से जल्द सर्टिफिकेट बनवा लूंगा। लेकिन इसके हालात देख कर लगता है कि उसे सर्टिफिकेट के लिए कई चक्कर लगाने होंगे।

प्रशासन की लापरवाही का शिकार है सेवा केंद्र : तरलोक सिंह

अंतर्यामी कालोनी निवासी तरलोक सिंह ने बताया कि वह अपने बच्चे के दाखिले के लिए रिहायश का सर्टिफिकेट बनवाने आया था। हमेशा यही बताया जाता है कि तहसील के सेवा केंद्र में काम तेज होता है, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उनकी गलतफहमी दूर हो गई। सेवा केंद्र प्रशासन की लापरवाही का शिकार है। केंद्र के कर्मचारी अपनी मर्जी से काम करते हैं और अकसर सर्वर डाउन होने की बात कहते हैं। सिंह ने बताया कि केंद्र में किए जा रहे काम की समय-समय पर समीक्षा होनी चाहिए। ताकि कर्मचारियों की कार्यशैली का पता लगता रहे।

बिजली का एक फेज हुआ था बंद

सेवा केंद्र का सर्वर चंडीगढ़ से ही आपरेट होता है। आज तहसील के सेवा केंद्र सर्वर की समस्या नहीं आई। बल्कि कुछ समय के लिए बिजली का एक फेज बंद हुआ था, जिसके चलते सेवा केंद्र का कुछ समय के लिए काम प्रभावित हुआ था।

-राजीव सैनी, जिला मैनेजर, सेवा केंद्र, अमृतसर।

chat bot
आपका साथी