बागी नेताओं को भी शिअद का स्थापना दिवस मनाने का अधिकार : चीमा

दलजीत सिंह चीमा ने कहा है कि पार्टी के बागी नेताओं को भी स्थापना दिवस मनाने का अधिकार है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 14 Dec 2019 12:23 AM (IST) Updated:Sat, 14 Dec 2019 06:12 AM (IST)
बागी नेताओं को भी शिअद का स्थापना दिवस मनाने का अधिकार : चीमा
बागी नेताओं को भी शिअद का स्थापना दिवस मनाने का अधिकार : चीमा

जागरण संवाददाता, अमृतसर : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के पार्टी महासचिव दलजीत सिंह चीमा ने कहा है कि पार्टी के बागी नेताओं को भी स्थापना दिवस मनाने का अधिकार है। चीमा पार्टी के 99वें स्थापना दिवस से एक दिन पहले भाई गुरदास हाल में हुई कार्यकारिणी कमेटी की बैठक में शामिल हुए थे। पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में हुई बैठक में शनिवार को तेजा सिंह समुद्री हाल में होने वाले इजलास पर भी चर्चा हुई, जिसमें अध्यक्ष पद का चुनाव किया जाना है। कार्यकारिणी के बैठक में परमिदर सिंह ढींडसा और जत्थेदार तोता सिंह नहीं पहुंचे।

बैठक के बाद पार्टी महासचिव दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि शनिवार को बाद दोपहर श्री अखंड पाठ साहिब जी के भोग के बाद अकाली दल का स्थापना दिवस आयोजित किया जाएगा। इसमें 600 के करीब अकाली दल के डेलिगेट्स लोकतांत्रिक ढंग से पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। 100 सदस्यों के पीछे एक सर्कल डेलिगेट, 25 सर्किल डेलिगेट्स के पीछे एक जिला और इसी तरह जिलों के आधार पर राज्य डेलिगेट्स चुने जाते हैं। पंजाब से 468 डेलिगेट्स होंगे, जबकि हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान आदि राज्यों से भी डेलिगेट्स पार्टी अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। जो अकाली नेता अलग से स्थापना दिवस अमृतसर में आयोजित कर रहे हैं, उनको भी कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है। जो नेता आज बागी बने हुए हैं, वहीं नेता बताएं कि क्या वह जब सत्ता का सुख भोग रहे थे तब उन्होंने अपने एतराज क्यों प्रकट नहीं किए। वह वर्षों से पार्टी की नीतियों पर मोहर क्यों लगाते रहे हैं। ढींडसा और उनके बेटे परमिदर सिंह ढींडसा समेत सभी अकाली नेताओं को स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। कुछ नेता अपने-अपने कामों में व्यस्त होने के कारण आज की बैठक में नहीं पहुंचे। टकसालियों का कोई भी जनाधार नहीं है, विधानसभा चुनावों में हुए मतदान में सब सामने आ चुका है। टकासालियों के नेता सेवा सिंह सेखवां ढीडसा परिवार को बर्बाद करने में लगे हुए हैं।

अकाली दल में नहीं है परिवारवाद: जगीर कौर अकाली दल महिला विग की अध्यक्ष बीबी जगीर कौर ने कहा कि अकाली दल में कोई भी परिवार वाद नहीं है। पहले प्रकाश सिंह बादल को भी पार्टी डेलिगेट्स सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनते रहे हैं। सुखबीर बादल को भी सभी डेलिगेट्स ने सर्वसम्मति से चुना है। शनिवार को भी डेलिगेटस, जिसे भी अध्यक्ष चुनेंगे उसे सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनेंगे।

पार्टी के एजेंडे पर हुई है चर्चा: लोंगोवाल एसजीपीसी के अध्यक्ष व पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य गोबिद सिंह लोंगोवाल ने कहा कि आज की कार्यकारिणी की बैठक में शनिवार को होने वाले पार्टी के डेलिगेट इजलास के एजेंडे पर चर्चा की गई। वहीं पार्टी की पिछले समय की कार्यगुजारी पर भी विचार हुए। भविष्य में पार्टी को क्या करना चाहिए, इस पर भी कार्यकारिणी सदस्यों में चर्चा की है। शनिवार बाद दोपहर पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव होगा।

chat bot
आपका साथी