पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा- केंद्र के कृषि कानून किसानों व खेती को बर्बाद करने वाले

पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ ने अमृतसर के अजनाला में किसान रैली को संबोधित किया। सुनील जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि कानूनों किसानोेंं और खेती को बर्बाद करने वाले हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान होगा।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 04:46 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 04:46 PM (IST)
पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा- केंद्र के कृषि कानून किसानों व खेती को बर्बाद करने वाले
अमृतसर के अजनाला में रैली को संबोधित करते हुए।

अजनाला (अमृतसर), जेएनएन। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ ने यहां किसान रैली में केंद्र सरकार पर जमकर निशाने साधे। उन्‍होंने कहा कि पंजाब देश की बाजू है। प्रधानमंत्री इस बाजू को मजबूत करने की जगह इसे मो़ड़ने पर तुले हैं। जिन कृषि कानूनों को किसान और खेती सुधार करने वाला बताया जा रहा है वे वास्‍तव में 'काला कानून'  हैं। ये किसानों और खेती को बर्बाद करने वाले कानून हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान होगा।

सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ही पंजाब की किसानी और जवानी के रक्षक हैं। पंजाब को हमेशा ही भारत की बाजू कहा जाता  रहा है। ऐसे में हमें उम्मीद थी कि केंद्र की मोदी सरकार पंजाब की बाजू पकड़ेगी और इसे आगे ले जाने में सहयोग करेगी, लेकिन वह आज इस बाजू को मरोड़ने पर उतारू है। 

 

कांग्रेस की अजनाला रैली में मौजूद लोग।

जाखड़ ने कहा कि मोदी जिसे किसान और कृषि सुधार कानून कह रहे हैं असल में वे काले कानून हैं। इसके खिलाफ किसानों  ही नहीं हर पंजाबी को डटना होगा।  मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब और किसानों के हक के लिए डांग लेकर बैठे हुए हैं। किसी को भी पंजाब के हक पर डाका नहीं डालने दिया जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल को फर्जी किसान करार दिया। उन्‍होंने कहा कि वह प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं और बादल किसान रहे हैं, लेकिन सुखबीर न तो किसान हैं और न ही उन्हें इसकी समझ है उनसे तो होटल और बसों की जानकारी ली जा सकती है किसानी कि नहीं।

उन्होंने किसानों की समस्‍याओं की चर्चा करते हुए कहा कि अगर सरकारी खरीद बंद हुई तो खेती घाटे का सौदा हो जाएगी।  कारपोरेट घरानों को बढ़ावा देने के लिए मोदी खेती उन्हीं को देना चाहती है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी दुख की बात क्या होगी केंद्र सरकार ने पंजाब की मालगाड़ियां बंद कर दी और करोड़ों रुपये का जीएसटी जारी नहीं किया जा रहा।

chat bot
आपका साथी