विजय रुपाणी ही बने भाजपा के मिस्टर भरोसेमंद, फिर बनेंगे गुजरात के सीएम

विधायक दल की बैठक में रूपाणी को नेता और नितिन पटेल को उप नेता चुना गया। रूपाणी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है।

By Manish NegiEdited By: Publish:Fri, 22 Dec 2017 05:10 PM (IST) Updated:Fri, 22 Dec 2017 06:13 PM (IST)
विजय रुपाणी ही बने भाजपा के मिस्टर भरोसेमंद, फिर बनेंगे गुजरात के सीएम
विजय रुपाणी ही बने भाजपा के मिस्टर भरोसेमंद, फिर बनेंगे गुजरात के सीएम

शत्रुघ्न शर्मा, गांधीनगर। विजय रूपाणी गुजरात के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। भाजपा ने पाटीदार नेता नितिन पटेल को भी उप मुख्यमंत्री बनाए रखने का फैसला किया है। शुक्रवार को विधायक दल की बैठक में रूपाणी को नेता और नितिन पटेल को उप नेता चुना गया। रूपाणी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। प्रबंधन क्षमता और विश्वसनीयता के कारण ही उन्हें एक बार फिर इस पद के लिए चुना गया है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और सरोज पांडे की उपस्थिति में वरिष्ठ नेता भूपेंद्र चूडास्मा ने नेता और उप नेता के लिए रूपाणी और पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा। बाद में विधायक दल के फैसले की जानकारी देते हुए जेटली ने कहा कि दोनों नेताओं का चुनाव सर्वसम्मति से हुआ है। आनंदीबेन पटेल की सरकार में रूपाणी पहली बार मंत्री बने थे। वे गुजरात प्रदेश भाजपा के अलावा लंबे समय तक प्रवक्ता और महामंत्री भी रह चुके हैं।

रूपाणी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में छात्र राजनीति से जुड़े थे। अपनी मेहनत, लगन और व्यवहार कुशलता से वे लगातार आगे बढ़ते रहे। राजकोट महानगर पालिका में पार्षद से लेकर महापौर पद तक वे अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पाटीदार आरक्षण आंदोलन के चलते अगस्त 2016 में आनंदीबेन पटेल के इस्तीफा देने के बाद रूपाणी को सरकार की बागडोर सौंपी गई थी। नितिन पटेल को भी उसी समय उप मुख्यमंत्री बनाया गया था।

नितिन पटेल जमीन से जुडे़ हुए नेता हैं। उनकी प्रदेश की राजनीति में अच्छी पकड़ है। पाटीदार आरक्षण आंदोलन के गढ़ मेहसाणा से एक बार फिर चुनाव जीतना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। लेकिन, अपने कार्य और निजी संबंधों के बूते वे बडे़ अंतर से चुनाव जीतकर आए हैं। कडी नगरपालिका के चेयरमैन से लेकर मेहसाणा भाजपा अध्यक्ष के रूप में काम करते हुए नितिन पटेल उप मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं।

विजय रुपाणी ने कहा 'हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और उनके हर सपने को पूरा करके दिखाएंगे। भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूलमंत्र 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना से राज्य की साढ़े छह करोड़ जनता के लिए काम करेगी।'

कल पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विजय रूपाणी शनिवार को राज्यपाल ओपी कोहली से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी बीबी स्वैन ने नव निर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंप दी है। गुजरात में 25 अक्टूबर से लागू चुनाव आचार संहिता शुक्रवार को समाप्त हो गई। नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री शिरकत करेंगे।

यह भी पढ़ें: जानिए मेयर से गुजरात के CM पद तक पहुंचने वाले विजय रुपाणी की पूरी कहानी

chat bot
आपका साथी