अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप आएंगे भारत, इन तीन बड़े समझौतों के आसार

ट्रंप 24 व 25 फरवरी को भारत में होंगे। तकरीबन 48 घंटे की अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान ट्रंप नई दिल्ली और अहमदाबाद जाएंगे।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Tue, 11 Feb 2020 07:48 PM (IST) Updated:Tue, 11 Feb 2020 07:48 PM (IST)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप आएंगे भारत, इन तीन बड़े समझौतों के आसार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप आएंगे भारत, इन तीन बड़े समझौतों के आसार

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आखिरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा की तिथि तय हो गई है। ट्रंप 24 व 25 फरवरी को भारत में होंगे। तकरीबन 48 घंटे की अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान ट्रंप नई दिल्ली और अहमदाबाद जाएंगे। उनकी यात्रा की घोषणा दोनो देशों की सरकारों की तरफ से अलग अलग मंगलवार को की गई। उनकी इस यात्रा से जुड़ी अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है लेकिन भारत प्रवास के दौरान उनकी पीएम नरेंद्र मोदी से चार से पांच दफे अलग अलग मौकों पर मुलाकात होगी। इस दौरान दोनो देशों के बीच कम से कम तीन बड़े समझौतों समेत कई दूसरे समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय की तरफ से दी गई सूचना में बताया गया है कि, ''पीएम नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर महामहिम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप 24-25 फरवरी, 2020 को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। यह राष्ट्रपति की पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी। राष्ट्रपति ट्रंप व उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप नई दिल्ली व अहमदाबाद में भारतीय समाज के कई वर्गो से मिलेंगे। भारत व अमेरिका के बीच वैश्विक रणनीतिक साझेदारी सामान मूल्यों, आदर व आपसी समझबूझ पर आधारित है। पीएम मोदी व राष्ट्रपति ट्रंप की अगुवाई में भारत व अमेरिका के रिश्ते और भी ज्यादा मजबूत हुए हैं। कारोबार, रक्षा, ऊर्जा, आतंकरोधी, क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर दोनो देशों के बीच सहयोग काफी प्रगाढ़ हुए हैं। इस दौरे के दौरान दोनो नेताओं को अपने रणनीतिक रिश्तों को और ज्यादा मजबूत बनाने का मौका मिलेगा।''

उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाईट हाउस की तरफ से बताया गया है कि, ''पिछले सप्ताहांत पीएम मोदी और ट्रंप के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई थी जिसमें भारत दौरे को लेकर अंतिम सहमति बनी थी। यह यात्रा दोनो देशों के रणनीतिक रिश्तों को और प्रगाढ़ करेगी।''

पीएम मोदी ने अपनी पहली मुलाकात में दिया था न्यौता

ट्रंप के सत्ता में आने के बाद जून, 2017 में वाशिंगटन में उनके साथ अपनी पहली मुलाकात में भी पीएम मोदी ने उन्हें भारत की आधिकारिक यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया था। बाद में भारत ने उन्हें वर्ष 2019 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आमंत्रित करने करने की कोशिश की थी। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति की इच्छा के बावजूद ऐसा नहीं हो सका। अब जबकि यह राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल का अंतिम साल है और इस वर्ष के अंत में उन्हें चुनाव का सामना करना पड़ा है तो इस यात्रा का समय तय किया गया है।

अगर देखा जाए तो बिल क्लिंटन से पहले तक अमेरिकी राष्ट्रपतियों में भारत के आधिकारिक दौरे पर आने की परंपरा नहीं थी। वर्ष 2000 में क्लिंटन के भारत आने के बाद से वहां के सभी राष्ट्रपति नई दिल्ली आ चुके हैं जो अमेरिकी कूटनीति में भारत की बढ़ती साख को भी बताता है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दो बार भारत की यात्रा की थी। अंतिम बार वह वर्ष 2016 में गणतंत्र दिवस समारोह में राजकीय मेहमान भी थे।

दो अहम रक्षा सौदों और एक कारोबारी समझौते पर हस्ताक्षर संभावित

सूत्रों के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा के दौरान भारत को एकीकृत वायु रक्षा हथियार प्रणाली (आइएडीडब्लूएस) देने का प्रस्ताव किया जाएगा। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने इस बारे में अमेरिकी संसद कांग्रेस को जानकारी भी दी है। यह सौदा 1.9 अरब डॉलर का होगा। इस पर दोनो देशों के बीच समझौता भी होने के आसार है।

इसके अलावा अमेरिका से भारतीय नौ सेना के लिए सीहॉक हेलीकॉप्टर खरीदने पर भी समझौता होने के आसार है। भारत 2.6 अरब डॉलर की लागत से दो दर्जन सीहॉक हेलीकॉप्टर खरीदने की मंशा रखता है। इसके अलावा एक समझौता कारोबार के क्षेत्र में करने की तैयारी है जो भारत व अमेरिका के बीच मौजूदा कारोबारी तनाव को दूर करने में मदद करेगा। सितंबर, 2019 में जब मोदी अमेरिका की यात्रा पर गये थे तभी इस समझौते पर काफी बात हुई थी। सूत्रों के मुताबिक यह एक सीमित दायरे वाला ट्रेड एग्रीमेंट होगा जो कई तरह के अमेरिकी उत्पादों पर लगे प्रतिबंधों में रियायत देगा।

chat bot
आपका साथी