बदले गए कई राज्यों के राज्यपाल, आरिफ खान को केरल तो कलराज को मिला राजस्थान का कार्यभार

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कई राज्यपालों का तबादला किया है साथ ही कुछ को नया नियुक्त किया गया है।

By Ayushi TyagiEdited By: Publish:Sun, 01 Sep 2019 11:50 AM (IST) Updated:Sun, 01 Sep 2019 09:04 PM (IST)
बदले गए कई राज्यों के राज्यपाल, आरिफ खान को केरल तो कलराज को मिला राजस्थान का कार्यभार
बदले गए कई राज्यों के राज्यपाल, आरिफ खान को केरल तो कलराज को मिला राजस्थान का कार्यभार

नई दिल्ली, प्रेट्र। शाहबानो मुद्दे पर राजीव गांधी सरकार से इस्तीफा देने वाले आरिफ मोहम्मद खान केरल के राज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को केरल के अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के नए राज्यपाल भी नियुक्त किए। नए राज्यपालों में भाजपा के तीन नेता शामिल हैं। नए राज्यपालों के पदभार ग्रहण के बाद उनकी नियुक्ति प्रभावी मानी जाएगी। प्रगतिशील मुस्लिम चेहरा माने जाने वाले आरिफ मोहम्मद खान ने तीन तलाक और कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के मोदी सरकार के फैसले का समर्थन किया था। 68 साल के आरिफ मोहम्मद खान राजीव गांधी सरकार में मंत्री थे।

पी. सदाशिवम का स्थान लेंगे
1986 में शाहबानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को संसद में कानून बनाकर पलटे जाने के विरोध में उन्होंने सरकार से इस्तीफा दे दिया था। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जन्मे आरिफ मोहम्मद खान 2007 में भाजपा में शामिल हुए थे। लेकिन उसके बाद भी वह सक्रिय राजनीति से दूर ही रहे। वह देश के पूर्व प्रधान न्यायाधीश पी. सदाशिवम का स्थान लेंगे, जिनका केरल के राज्यपाल के रूप में कार्यकाल हाल ही में पूरा हुआ है। तमिलनाडु की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. तमिलीसाइ सौंदरराजन को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अभी तक ईएसएल नरसिम्हा तेलंगाना के राज्यपाल थे। अपनी नियुक्ति पहर सौंदरराजन ने कहा कि इससे उनके कांग्रेसी पिता को खुशी होगी।

विद्या सागर राव का स्थान लेंगे कोश्यारी
भाजपा नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके 77 वर्षीय भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है, जो विद्या सागर राव का स्थान लेंगे। भाजपा नेता कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश से राजस्थान भेजा गया है। 78 वर्षीय कलराज मिश्र उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का स्थान लेंगे, जिनका राजस्थान के राज्यपाल के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता 72 वर्षीय बंडारू दत्तात्रेय को कलराज मिश्र के स्थान पर हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। दत्तात्रेय ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया।

कांग्रस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे आरिफ खान
जानकारी के लिए बता दें कि आरिफ खान ने तीन तलाक को गौरकानूनी घोषित करने के फैसले पर केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया था, साथ ही अनुच्छेद 370 पर भी उन्होंनें केंद्र सरकार के फैसले का साथ दिया था।आरिफ खान कांग्रेस में दो बार, जनता दल और बसपा से एक-एक बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। 2004 में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। 2007 में उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने संसदीय राजनीति से दूरी कर ली थी।  

कौन है कलराज मिश्र 
कलराज मिश्र कुछ समय पहले तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे। कलराज राष्ट्रीय स्वयंं सेवक संघ  पूर्कालिक प्रचारक भी रह चुके हैं। वह केंद्र और यूपी सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी थे। वर्ष 2010 से 2012 तक वह प्रदेश भाजपा के प्रभारी रहे। पिछले लोकसभा चुनाव के वक्त भाजपा के प्रभारी थे। वह तीन बार राज्यसभा सांसद और एक बार देवरिया से लोकसभा सदस्य भी रहे। 

भगत सिंह कोश्यारी 
भगत सिंह कोश्यारी का जन्म 17 जून 1942 को उत्तराखंड के बागेश्वर जिले स्थित नामती चेताबागड़ गांव में हुआ था। वह उत्तराखंड के बड़े नेता हैं। जब उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड बना तो कोश्यारी को ही राज्य का पहला प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। 2001 से लेकर 2002 तक वह राज्य के मुख्यमंत्री रहे। फिर 2002 से लेकर 2007 तक उन्होंने विपक्ष के नेता के तौर पर जिम्मेदारी निभाई थी। बता दें कि वह पत्रकार और शिक्षक भी रहे हैं। 2008 से 2014 तक वह राज्यसभा सांसद भी रहें। 

कौन हैं बंडारू दत्तात्रेय 
बंडारू दत्तात्रेय भारतीय जनता पार्टी की संयुक्त आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान वह श्रम और रोजगार मंत्री थे। वर्ष 1965 में उन्होंने आरएसएस ज्वाइन किया था। आपातकाल के वक्त वह जेल भी गए थे। 

ये भी पढ़ें : दिग्विजय पर शिवराज का पलटवार, बोले- ओसामा जी और हाफिज जी कहने वाला नेता दे रहा सीख

ये भी पढ़ें : स्मृति ईरानी ने बताया अमेठी में जीत का राज, बोलीं - नहीं की वोट बैंक की राजनीति

chat bot
आपका साथी