कांग्रेस नेता देवड़ा ने की 'Howdy Modi' की तारीफ, जानें-पीएम मोदी ने कहा- शुक्रिया

हाउडी मोदी कार्यक्रम के बाद देवड़ा ने ट्वीट किया ह्यूस्टन में पीएम मोदी का संबोधन भारतीय कूटनीति के लिए उल्लेखनीय क्षण रहा।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Tue, 24 Sep 2019 07:25 AM (IST) Updated:Tue, 24 Sep 2019 12:50 PM (IST)
कांग्रेस नेता देवड़ा ने की 'Howdy Modi' की तारीफ, जानें-पीएम मोदी ने कहा- शुक्रिया
कांग्रेस नेता देवड़ा ने की 'Howdy Modi' की तारीफ, जानें-पीएम मोदी ने कहा- शुक्रिया

मुंबई, प्रेट्र। कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा ने अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में रविवार को आयोजित 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम की जमकर तारीफ की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने भाषण में भारतीय कूटनीति को बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया। इस मेगा शो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने देवड़ा को शुक्रिया करते हुए उनके पिता व अपने दोस्त मुरली देवड़ा के योगदान का उल्लेख किया।

हाउडी मोदी कार्यक्रम के बाद देवड़ा ने ट्वीट किया, 'ह्यूस्टन में पीएम मोदी का संबोधन भारतीय कूटनीति के लिए उल्लेखनीय क्षण रहा। मेरे पिता मुरली देवड़ा ने भारत व अमेरिका के संबंधों को पूर्व में मजबूत किया है। ट्रंप की तरफ से मिला सत्कार और भारतीय-अमेरिकी के योगदान का उल्लेख हमें गर्वित करता है।' दिलचस्प है कि कांग्रेस ने सोमवार को पीएम मोदी पर भारत की विदेश नीति के उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।

देवड़ा के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम ने लिखा, 'शुक्रिया मिलिंद देवड़ा। आपने हमारे स्वर्गीय मित्र मुरली देवड़ा का उल्लेख बिल्कुल सही किया है। उन्होंने अमेरिका के साथ भारत के रिश्तों की मजबूती के लिए बेहतर काम किया। दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों को देख वे बेहद खुश होते।'

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद देवड़ा ने मुंबई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। मुंबई दक्षिणी लोकसभा क्षेत्र से वह दो बार सांसद रह चुके हैं।

यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी के 'अबकी बार, ट्रंप सरकार' के नारे पर भड़की कांग्रेस, शाह का पलटवार

chat bot
आपका साथी