मध्‍य प्रदेश में खींचतान में उलझ रहा मंत्रिमंडल विस्तार, अब आई दो जून की नई तारीख

मध्‍य प्रदेश में शि‍वराज सिंह चौहान के मंत्रिमं‍डल का विस्‍तार सियासी खींचतान में उलझकर रह गया है। बताया जा रहा है कि अब कैबिनेट विस्‍तार दो जून तक हो सकता है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 30 May 2020 10:37 PM (IST) Updated:Sat, 30 May 2020 10:37 PM (IST)
मध्‍य प्रदेश में खींचतान में उलझ रहा मंत्रिमंडल विस्तार, अब आई दो जून की नई तारीख
मध्‍य प्रदेश में खींचतान में उलझ रहा मंत्रिमंडल विस्तार, अब आई दो जून की नई तारीख

भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश में शिवराज कैबिनेट का विस्तार सियासी खींचतान और दांवपेच में उलझ रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तारीख पर तारीख दी जा रही है। खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 31 मई तक नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की बात कही थी लेकिन अब नई तारीख दो जून बताई जा रही है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि एक जून को मुख्यमंत्री दिल्ली जाएंगे और लौटने के बाद राजभवन जाकर राज्यपाल लालजी टंडन से नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने का आग्रह करेंगे।

इधर, नए चेहरों के नाम पर पार्टी में सहमति नहीं बन पा रही है। समीकरण ऐसे बन गए हैं, जिसे सुलझाना काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि चंबल और ग्वालियर में जहां पार्टी को 16 उपचुनावों का सामना करना है वहां से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अरविंद भदौरिया की कैबिनेट में एंट्री से असहमत हैं। सूत्रों की मानें तो ऐसे समीकरण कमोबेश हर संभाग में बन रहे हैं। कुछ जिलों में सियासी और जातीय समीकरण पेंच उलझा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इन सब मसलों पर संघ और भाजपा संगठन के नेताओं के साथ चर्चा की है।

सूत्रों का कहना है कि अब दिल्ली से हरी झंडी लेने के बाद ही मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। जबलपुर में अशोक रोहाणी का नाम पार्टी ने बढ़ाया है वहीं अजय विश्नोई की भी प्रबल दावेदारी मानी जा रही है। सूत्रों ने बताया कि बालाघाट से गौरीशंकर बिसेन के जगह पार्टी अब नई पीढ़ी के रामकिशोर कांवरे को लेना चाहती है। दोनों ही ओबीसी वर्ग से आते हैं। उज्जैन संभाग से पारस जैन की जगह जैन वर्ग से ही चैतन्य काश्यप का नाम पार्टी की ओर से बढ़ाया गया है। इंदौर से ऊषा ठाकुर और रमेश मेंदोला के नाम पर जोड़तोड़ जारी है।

नए चेहरों में भोपाल से संगठन विष्णु खत्री का नाम आगे आ रहा है लेकिन संघ और अन्य दिग्गजों ने रामेश्वर शर्मा की सिफारिश की है। रीवा संभाग से ओबीसी राम खिलावन पटेल और आदिवासी कुंवर सिंह टेकाम के नाम को संगठन ने आगे बढ़ाया है। हालांकि केदार शुक्ला और गिरीश गौतम की दावेदारी को लेकर दबाव है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सिंधिया खेमे से पूर्व मंत्री इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रभुराम चौधरी और महेंद्र सिंह सिसोदिया के नाम शामिल हैं। इनके अलावा बिसाहूलाल सिंह, हरदीप सिंह डंग, एदल सिंह कंषाना और रणवीर जाटव भी कैबिनेट के चेहरे हो सकते हैं। 

chat bot
आपका साथी