नड्डा ने कहा- कांग्रेस के बदलते डीएनए की चिंता करें राहुल, भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश है

नड्डा ने कहा कि जब देश कोरोना से लड़ रहा था तो विपक्ष के नेता वीडियो कांफेंसिंग के जरीये देश को कमजोर करने का काम कर रहे थे।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 14 Jun 2020 09:28 PM (IST) Updated:Sun, 14 Jun 2020 09:28 PM (IST)
नड्डा ने कहा- कांग्रेस के बदलते डीएनए की चिंता करें राहुल, भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश है
नड्डा ने कहा- कांग्रेस के बदलते डीएनए की चिंता करें राहुल, भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश है

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मोदी सरकार के दौरान अहिष्णुता बढ़ने और देश का डीएनए बदलने के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत को दुनिया का सबसे अधिक सहिष्णु देश बताते हुए राहुल गांधी को अपनी पार्टी के बदलते डीएनए की चिंता करने की सलाह दी। नड्डा वर्चुअल रैली के माध्यम से कर्नाटक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, नड्डा ने कहा- भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश है

अमेरिका के पूर्व राजनयिक और हावर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर निकोलस ब‌र्न्स के साथ शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत के दौरान भारत में असहिष्णुता बढ़ने और देश का डीएनए बदलने के राहुल गांधी के बयान पर जेपी नड्डा ने गहरी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही वसुधैव कुटुंबकम् और अहिंसा को सबसे बड़ा धर्म मानने वाला भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश है।

नड्डा ने कहा- राहुल गांधी को आपातकाल को याद करना चाहिए

उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देने के पहले राहुल गांधी को आपातकाल को याद करना चाहिए, जब हजारों निर्दोष लोगों को जेलों में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि 'आप कांग्रेस के बदलते हुए डीएनए की चिंता कीजिए। देश के डीएनए की चिंता नहीं कीजिये।'

नड्डा ने कहा- कोरोना संकट के दौरान कांग्रेस और उसके नेता के रवैये को बताया गैर-जिम्मेदाराना

कोरोना संकट के दौरान गैर-जिम्मेदाराना बयान और रवैये के लिए कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी की निंदा करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि 'जब देश कोरोना से लड़ रहा था, तो विपक्ष के नेता वीडियो कांफेंसिंग के जरीये देश को कमजोर करने का काम कर रहे थे।'

नड्डा ने कहा- देश कोरोना से लड़ रहा, विपक्ष देश को कमजोर करने का काम कर रहा

नड्डा के अनुसार महाराष्ट्र और पंजाब के लॉकडाउन लगाने के बाद मोदी सरकार ने देश में लॉकडाउन लगाया, लेकिन राहुल गांधी अपनी पार्टी के सरकारों के बजाय मोदी सरकार के फैसले पर सवाल उठाने लगे। अब जब सरकार लॉकडाउन को हटाने का काम कर रही है, तो उसका भी विरोध कर रहे हैं।

नड्डा ने कहा- पीएम मोदी ने कोरोना लड़ाई में पूरे देश को एकजुट करने का किया काम

कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी मुख्यमंत्रियों से पांच बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक का हवाला देते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि उन्होंने इस लड़ाई में पूरे देश एकजुट करने का काम किया। नड्डा के अनुसार जनसंघ के समय से ही उनकी पार्टी का यही रूख रहा है।

भाजपा ने कभी भी नकारात्मक राजनीति नहीं की- नड्डा

भाजपा ने कभी भी नकारात्मक राजनीति नहीं किया। यहां तक कि 1962, 1965, 1971 में भारतीय जनसंघ के नेता उस समय की सरकार के साथ खड़े थे, लेकिन दुख की बात है कि कांग्रेस हमेशा से नकारात्मक विपक्ष की भूमिका में रही है। जब 1999 में कारगिल की लड़ाई हो रही थी, तब कांग्रेस राज्यसभा का सत्र बुलाने के लिए लड़ रही थी। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका निभाना भी नहीं आता है और वह उसे इसके लिए ट्यूशन देने को तैयार हैं।

नड्डा ने कहा- कांग्रेस पार्टी कोरोना संकट के दौरान नकारात्मक राजनीतिक कर रही है

जेपी नड्डा के अनुसार जब कांग्रेस पार्टी कोरोना संकट के दौरान नकारात्मक राजनीतिक करने में लगे थे, उस समय भाजपा के करोड़ कार्यकर्ता लोगों की मदद कर रहे थे। उन्होंने बताया कि किस तरह लगभग 5000 वीडियो काफ्रेंसिंग कर पूरी पार्टी को सक्रिय किया गया और 19 करोड़ लोगों तक फूड पैकेट और पांच करोड़ लोगों को मोदी राशन मोदी किट के नाम से पहुंचाने का काम किया गया।

chat bot
आपका साथी