कोई सिंधिया तो कोई नेहरू-गांधी परिवार से ही चाहता है कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार के मंत्री एक राय नहीं हैं। कोई सिंधिया तो कोई नेहरू-गांधी परिवार से ही अध्यक्ष चाहता है।

By TaniskEdited By: Publish:Mon, 08 Jul 2019 10:24 PM (IST) Updated:Mon, 08 Jul 2019 10:24 PM (IST)
कोई सिंधिया तो कोई नेहरू-गांधी परिवार से ही चाहता है कांग्रेस अध्यक्ष
कोई सिंधिया तो कोई नेहरू-गांधी परिवार से ही चाहता है कांग्रेस अध्यक्ष

भोपाल, जेएनएन। राहुल गांधी के स्थान पर किसी और को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार के मंत्री एक राय नहीं हैं। कोई सिंधिया तो कोई नेहरू-गांधी परिवार से ही अध्यक्ष चाहता है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने सिंधिया को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सर्वश्रेष्ठ नेता बताया है तो कमलनाथ समर्थक मंत्री सज्जन सिंह ने साफ शब्दों में कह दिया है कि कांग्रेस अध्यक्ष नेहरू-गांधी परिवार का ही होना चाहिए। उन्होंने प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग की है।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद से पार्टी में असमंजस की स्थिति को समाप्त करने के लिए अब नेता-कार्यकर्ता अपने -अपने स्तर पर मांग उठा रहे हैं। राहुल गांधी से इस्तीफा वापसी के लिए बड़े नेता खुद इस्तीफा देकर दबाव बना रहे हैं।

इस बीच उनके नहीं मानने पर विकल्प को लेकर कई नाम सामने भी आने लगे हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने एक पोस्टर लगाया गया, जिसमें सिंधिया को राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी देने की मांग की गई। हालांकि जब इसकी चर्चा विधानसभा में पार्टी नेताओं तक पहुंची तो तुरंत पोस्टर हटा दिया गया।

chat bot
आपका साथी