Karnataka: कर्नाटक भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने पूर्व सीएम येदियुरप्पा से की मुलाकात कहा,- उनके नेतृत्व में पार्टी का होगा विस्तार

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को भाजपा के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल होने के बाद कर्नाटक के भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके नेतृत्व में दक्षिण भारत में विस्तार करेगी।

By Sonu GuptaEdited By: Publish:Thu, 18 Aug 2022 03:44 PM (IST) Updated:Thu, 18 Aug 2022 03:44 PM (IST)
Karnataka: कर्नाटक भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने पूर्व सीएम येदियुरप्पा से की मुलाकात कहा,- उनके नेतृत्व में पार्टी का होगा विस्तार
कर्नाटक भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने पूर्व सीएम येदियुरप्पा से की मुलाकात। (फोटो- एएनआई)

बेंगलुरु, एजेंसी। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल होने के एक दिन के बाद कर्नाटक के भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने गुरुवार को उनसे मुलाकात की।

अरुण सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा से मुलाकात करने के बाद कहा, ' मैंने पार्टी के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल होने पर उन्हें बधाई दी। वह वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ चार बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। भाजपा उनके नेतृत्व में दक्षिण भारत में अपना विस्तार करने में सफलता हासिल करेगी।'

संसदीय बोर्ड का पुनर्गठन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड को पुनर्गठित करने की घोषणा की। मालूम हो कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अरुण जेटली, सुषमा स्वाराज के निधन और एम वेंकैया नायडू के भारत के उप राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद संसदीय बोर्ड में कई पद खाली हो गए थे।

इन्हें नहीं मिली जगह

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को संसदीय बोर्ड से बाहर कर दिया गया है। वह पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ओर से कई अहम निर्णय लेते थे। मालूम हो कि नितिन गड़करी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी ने अभी तक अपने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को निर्णय लेने वाली किसी भी प्रक्रिया से नहीं हटाया था ।केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) से भी हटा दिया गया है। मालूम हो कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी पार्टी के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति से बाहर कर दिया गया है।

सर्बानंद सोनोवाल को संसदीय बोर्ड में मिली जगह

असम के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग व आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया है। असम में पिछले विधानसभा चुनाव के बाद सोनोवाल ने असम के मुख्यमंत्री का पद हिमंत बिस्वा सरमा के लिए खाली कर दिया था, जिसके बाद सोनोवाल को कैबिनेट में केंद्र मंत्री के रूप में लाया गया था।

chat bot
आपका साथी