राजनीतिक यात्रा से पहले रजनीकांत से मिले हासन, रजनी भी करेंगे अपनी पार्टी का एलान

कमल हासन बुधवार को रामेश्वरम से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने जा रहे हैं।

By Kishor JoshiEdited By: Publish:Sun, 18 Feb 2018 06:28 PM (IST) Updated:Sun, 18 Feb 2018 06:28 PM (IST)
राजनीतिक यात्रा से पहले रजनीकांत से मिले हासन, रजनी भी करेंगे अपनी पार्टी का एलान
राजनीतिक यात्रा से पहले रजनीकांत से मिले हासन, रजनी भी करेंगे अपनी पार्टी का एलान

चेन्नई (आइएएनएस)। तमिलनाडु की राजनीति में उतरने की तैयारी कर रहे अभिनेता कमल हासन ने रविवार को रजनीकांत से उनके आवास पर मुलाकात की। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इसे मैत्री भेंट करार दिया। इससे पहले उन्होंने कहा था कि यदि रजनीकांत ने 'भगवा' राजनीति का दामन थामा, तो उनके साथ उनका कोई गठबंधन नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि दोनों अभिनेताओं ने तमिलनाडु की राजनीति में सक्रिय होने का एलान कर रखा है। कमल हासन बुधवार को रामेश्वरम से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा होगी और इससे पहले समान विचारों वाले लोगों से उनका मिलना जरूरी था। हासन ने अपनी राजनीति का रंग 'काला' बताकर द्रविड़ राजनीति करने का संकेत दिया है। दूसरी तरफ रजनीकांत ने कहा कि वे आध्यात्मिक राजनीति करेंगे। वे भी अपनी राजनीतिक पार्टी का एलान बुधवार को ही करने जा रहे हैं।

इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों अभिनेता गठबंधन करेंगे, लेकिन कमल हासन ने अपना रूख साफ करते हुए कहा कि रजनीकांत की राजनीति में भगवा रंग दिखता है, अगर वह नहीं बदलता है तो मैं उनके साथ गठबंधन की संभावना नहीं देखता हूं। हम अच्छे दोस्त हैं, लेकिन राजनीति अलग चीज है।

तमिलनाडु में सब कुछ ठीक नहीं

अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने इस बात पर अफसोस जताया है कि उनके गृहराज्य तमिलनाडु में सब कुछ ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सियासी पार्टी बनाने वाले अभिनेता रजनीकांत का झुकाव भाजपा की ओर है। उन्होंने अपने गृहराज्य की मौजूदा राजनीति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि तमिलनाडु में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।

chat bot
आपका साथी