पुडुचेरी में कांग्रेस ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एकेडी अरुमुगम को पार्टी से निकाला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवी सुब्रमणियन की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी को पता चला था कि अरुमुगम किसी अन्य दल में शामिल होने की कोशिश में हैं इसलिए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 11:01 PM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 11:08 PM (IST)
पुडुचेरी में कांग्रेस ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एकेडी अरुमुगम को पार्टी से निकाला
पुडुचेरी में भी छह अप्रैल को हैं विधानसभा चुनाव

पुडुचेरी, प्रेट्र। पुडुचेरी में कांग्रेस ने अपने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एकेडी अरुमुगम को पार्टी से निकाल दिया है। केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अरुमुगम विपक्षी पार्टी एआइएनआरसी में शामिल हो गए थे, जिसके चलते कांग्रेस से उन्हें निकाला गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवी सुब्रमणियन की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी को पता चला था कि अरुमुगम किसी अन्य दल में शामिल होने की कोशिश में हैं, इसलिए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया है।

इससे पहले भी कांग्रेस के कई विधायकों ने बदला पाला

इसके कुछ देर बाद ही एलान किया गया कि अरुमुगम आल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआइएनआरसी) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी से मिले और उनकी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पहले कांग्रेस के कई विधायकों ने पाला बदल लिया था। इनमें से कई भाजपा में शामिल हो गए थे और इसी के चलते सरकार गिर गई थी। पुडुचेरी में भी छह अप्रैल को चुनाव कराया जा रहा है।

कांग्रेस-द्रमुक नेताओं की बैठक

इस बीच, कांग्रेस और द्रमुक नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर रविवार को यहां बैठक हुई। हालांकि, कोई नतीजा नहीं निकल सका। दोनों दलों के बीच जल्द ही अगले दौर की बातचीत होगी।

पुडुचेरी में नामांकन की आखिरी तिथि 19 मार्च 

बता दें कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान हो गया है। पुडुचेरी में 6 अप्रैल को एक चरण में सभी 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। मतगणना 2 मई को होगी। पुडुचेरी में चुनाव की अधिसूचना 12 मार्च को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तिथि 19 मार्च है।

chat bot
आपका साथी