कर्नाटक के पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने कहा- कांग्रेस से हाथ मिलाकर लोगों का भरोसा खो दिया

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्युलर (जदएस) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस से हाथ मिलाने और उसके साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाने से उनकी वह साख खत्म हो गई है जो उन्होंने राज्य के लोगों से अर्जित की थी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 06 Dec 2020 12:15 AM (IST) Updated:Sun, 06 Dec 2020 12:15 AM (IST)
कर्नाटक के पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने कहा- कांग्रेस से हाथ मिलाकर लोगों का भरोसा खो दिया
जाल में फंस गया था, सिद्दरमैया पर लगाया साजिश रचने का आरोप।

बेंगलुर, ( एजेंसी )। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्युलर (जदएस) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस से हाथ मिलाने और उसके साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाने से उनकी वह साख खत्म हो गई है जो उन्होंने राज्य के लोगों से अर्जित की थी और जिसे 12 साल तक उन्होंने बरकरार रखा था।

जाल में फंस गया था, सिद्दरमैया पर लगाया साजिश रचने का आरोप

मैसूरू में पत्रकारों से बातचीत में कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता सिद्दरमैया पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह जाल में फंस गए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भी उनके साथ इस स्तर का विश्वासघात नहीं किया था। कुमारस्वामी ने कहा कि जदएस को भाजपा की 'बी' टीम कहने वाली कांग्रेस के साथ उन्हें हाथ नहीं मिलाना चाहिए था, लेकिन पार्टी सुप्रीमो एचडी देवेगौड़ा के जोर देने पर वह गठबंधन सरकार बनाने के लिए तैयार हो गए थे।

देवेगौड़ा का सम्मान करते हैं

साथ ही उन्होंने साफ किया कि वह देवेगौड़ा को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहरा रहे हैं क्योंकि वह अपने पिता की धर्मनिरपेक्ष पहचान के लिए जीवनभर की प्रतिबद्धता को जानते हैं और उसका सम्मान करते हैं।

सिद्दरमैया ने कहा- कुमारस्वामी झूठ बोलने में माहिर

जवाब में सिद्दरमैया ने कहा, 'कुमारस्वामी झूठ बोलने में माहिर हैं, राजनीति की खातिर हालात के मुताबिक वह झूठ बोल सकते हैं.. जदएस की 37 सीटों के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री बनाना क्या हमारी गलती थी? आंसू बहाना देवेगौड़ा परिवार की संस्कृति है, इसमें कुछ भी नया नहीं है। वे किसी को खुश करने या किसी को विश्वास दिलाने के लिए आंसू बहा सकते हैं।'

chat bot
आपका साथी