भारत को असहिष्णु करार दे कर घिरे कांग्रेस नेता, राहुल की तुच्छ राजनीति पार्टी को कर देगी नेस्तनाबूद

राहुल को भारतीय सभ्यता की समझ ही नहीं है। वह कभी देश की सेना पर सवाल उठाते हैं तो कभी कभी संवैधानिक संस्थाओं पर।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Fri, 12 Jun 2020 06:21 PM (IST) Updated:Fri, 12 Jun 2020 06:21 PM (IST)
भारत को असहिष्णु करार दे कर घिरे कांग्रेस नेता, राहुल की तुच्छ राजनीति पार्टी को कर देगी नेस्तनाबूद
भारत को असहिष्णु करार दे कर घिरे कांग्रेस नेता, राहुल की तुच्छ राजनीति पार्टी को कर देगी नेस्तनाबूद

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार संवेदनशील भारत चीन संबंधों पर टिप्पणी कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब एक अमेरिकी से बातचीत में भारत को असहिष्णु करार दे कर घिर गए हैं। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने जहां डोकलाम के पहले उनके चीनी राजदूत से मिलने की याद दिलाते हुए तंज किया कि राहुल समानांतर सूचना व्यवस्था चलाते हैं। वहीं भाजपा के दूसरे नेता व प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राहुल विश्व के सामने देश को बदनाम करने पर तुले हैं। यह तुच्छ राजनीति कांग्रेस को रसातल में ले जाएगी।

राहुल पीएम मोदी से भारत चीन विवाद पर सार्वजनिक बयान चाहते हैं: रविशंकर

लद्दाख मसले पर राहुल गांधी कई दिनों से लगातार सवाल उठाते रहे थे। हालांकि उन्हें राजनीतिक दलों की ओर से ही नहीं बल्कि कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियों की ओर से भी याद दिलाया जा रहा था कि विपक्षी दल के नेता को इस तरह सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करनी चाहिए तब जबकि दोनों देशों के बीच वार्ता हो रही है। ऐसे में शुक्रवार को रविशंकर ने याद दिलाया कि चीन के साथ डोकलाम विवाद से पहले भी राहुल चीनी राजदूत से मिले थे। पहले तो इसे छिपाते रहे, लेकिन जब दबाव बढ़ा और सच्चाई बाहर आने लगी तो कबूल किया। उन्होंने तंज किया- राहुल प्रधानमंत्री से भारत चीन विवाद पर सार्वजनिक बयान चाहते हैं लेकिन लगता है राहुल गांधी समानांतर सूचना तंत्र चलाते हैं।'

राहुल के ट्वीट पर भाजपा का रोचक सवाल

इससे पहले रविशंकर राहुल की रणनीतिक और आर्थिक समझ पर सवाल उठा चुके हैं। दरअसल उससे पहले राहुल ने ट्वीट कर कहा था कि वह अहम मुद्दों पर जागरुक रहने के लिए चीन के राजदूत, भूटान के राजदूत आदि से मिले थे। राहुल के इस ट्वीट पर भाजपा के ही एक कार्यकर्ता का भी रोचक सवाल था- तो क्या अब आप कश्मीर मुद्दे को समझने के लिए पाकिस्तान के हाई कमिश्नर से मिलेंगे?

राहुल ने अमेरिकी नागरिक निकोलस ब‌र्न्स से वार्ता में असहिष्णुता का सवाल खड़ा कर दिया

शुक्रवार को ही दूसरा मुद्दा भी सामने आ गया जब राहुल ने अमेरिकी नागरिक निकोलस ब‌र्न्स से बातचीत में असहिष्णुता का सवाल खड़ा कर दिया और अमेरिका में श्वेत अश्वेत की तर्ज पर भारत में हिंदू मुस्लिम की बात की।

शाहनवाज ने कहा- देश को बदनाम करना राहुल की पहचान बन गई

शाहनवाज ने कहा कि देश को बदनाम करना राहुल की पहचान बन गई है। वह और कांग्रेस अक्सर ऐसा करते हैं जिससे देश के दुश्मनों को मौका मिले। विकीलीक्स में पहले भी खुलासा हुआ था कि उन्होंने किस तरह देश की सांस्कृतिक पहचान को धूमिल करने का प्रयास किया था। वह देश के लिए कुछ अच्छा नहीं कर सकते हैं तो कम से कम खरोंच लगाना बंद करें। दुनिया जानती है कि भारत न सिर्फ सबसे बड़ा लोकतंत्र है बल्कि यहां सर्वधर्म समभाव है। विश्व में इसकी मिशाल दी जाती है, लेकिन राहुल को भारतीय सभ्यता की समझ ही नहीं है। वह कभी देश की सेना पर सवाल उठाते हैं तो कभी-कभी संवैधानिक संस्थाओं पर। यह तुच्छ राजनीति कांग्रेस को नेस्तनाबूद कर देगी।

chat bot
आपका साथी