पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार गिरने पर भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर अनैतिक तरीके से सरकार गिराने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस बोली- पुडुचेरी के लोग सब कुछ जानते हैं।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Tue, 23 Feb 2021 09:09 AM (IST) Updated:Tue, 23 Feb 2021 09:09 AM (IST)
पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार गिरने पर भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना
पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार गिरने पर भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना

नई दिल्ली, प्रेट्र। पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार के पतन के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर अनैतिक तरीके से सरकार गिराने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह जनता के बीच जाएगी।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तंज भरे ट्वीट में कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुडुचेरी में पार्टी को मजबूत करने का दौरा 'अच्छा' रहा। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में सत्ता खोने के बाद कांग्रेस तीन राज्यों तक सिमट गई है और महाराष्ट्र और झारखंड में नाममात्र उपस्थिति है। कुछ साल बाद यह इतिहास की किताबों में ही रह जाएगी।

एक अन्य केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने भी तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने फिर से चमत्कार किया है। वहीं, भाजपा आइटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी पुडुचेरी गए थे और उनके जादुई स्पर्श से कांग्रेस ने अपनी सरकार गंवा दी।

भाजपा सांसद राजीव चंद्रशेखर ने भी उसी अंदाज में कहा कि राहुल गांधी देशभर में कांग्रेस को मिटाने का काम बड़े ही असरदार तरीके से कर रहे हैं। महाराष्ट्र के भाजपा विधायक सिद्धार्थ शिरोले ने कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व करोड़ों भारतीयों का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना साकार कर रहा है। यह उपलब्धि गांधी परिवार के किसी और सदस्य ने हासिल नहीं की।

वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने अनैतिक और अलोकतांत्रिक ढंग से उसकी सरकार गिराई है। कांग्रेस के पुडुचेरी प्रभारी दिनेश गुंडु राव ने कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश का घटनाक्रम लोकतंत्र की हत्या है और उनका पार्टी लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को पुडुचेरी में वोट नहीं मिले तो सरकार गिराने के लिए आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआइ का इस्तेमाल करने लगी। उन्होंने भाजपा पर विधायकों को धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुडुचेरी के लोग सब कुछ जानते हैं।

chat bot
आपका साथी