भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा का जुनून है सवार

भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा राहुल पर भाजपा का ऐसा जुनून सवार है कि उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर भी भाजपा से साठगांठ का आरोप लगा दिया है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Mon, 24 Aug 2020 09:20 PM (IST) Updated:Mon, 24 Aug 2020 09:25 PM (IST)
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा का जुनून है सवार
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा का जुनून है सवार

नई दिल्ली, प्रेट्र। सोनिया गांधी को पत्र लिखने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर भाजपा से साठगांठ का आरोप लगाने के कथित बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी पर भाजपा का जुनून सवार है।

भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा, 'राहुल पर भाजपा का ऐसा जुनून सवार है कि उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर भी भाजपा से साठगांठ का आरोप लगा दिया है। किसी ने सही कहा है कि विनाशकाले, विपरीत बुद्धि।'

कई वर्षो तक कांग्रेस में रहे और पिछले साल भाजपा में शामिल हुए टॉम वडक्कन ने कहा, 'शीशा चटक गया है। शीशा चटकने के बाद उसे जोड़ने का कोई तरीका नहीं है। आपको उसे फेंकना ही होता है।' वडक्कन ने कहा कि जिन नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा है, निश्चित तौर पर वे राहुल गांधी से ज्यादा कांग्रेस के लिए समर्पित हैं।

उन्होंने कहा, 'उन नेताओं ने केवल एक बदलाव और अध्यक्ष पद के लिए निष्पक्ष चुनाव का सुझाव दिया है।' कांग्रेस की ओर से यह कहे जाने पर कि राहुल ने भाजपा से साठगांठ जैसा कोई बयान नहीं दिया था, वडक्कन ने कहा कि यह तो उनकी सोच है। राहुल का मानना है कि जो उनके साथ नहीं है, वह भाजपा के साथ है।

राहुल गांधी नें शीर्ष कांग्रेसी नेताओं पर लगाया था ये आरोप

बता दें कि सोमवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी के दौरान राहुल गांधी ने पत्र पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि जिस वक्त पत्र भेजा गया उस समय सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती थीं। पत्र उस समय लिखा गया था जब राजस्थान में कांग्रेस सरकार संकट का सामना कर रही थी। इसमें जो लिखा गया था उस पर मीडिया के बजाय सीडब्ल्यूसी बैठक में चर्चा होनी चाहिए थी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जिन्होंने इस वक्त चिट्ठी लिखी है वो भाजपा से मिले हुए हैं।

chat bot
आपका साथी