महान धावक मिल्खा सिंह को अस्पताल से मिली छुट्टी, लेकिन पत्नी हैं ICU में भर्ती

दिग्गज भारतीय धावक मिल्खा सिंह को रविवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जो पिछले सप्ताह कोरोना वायरस से संक्रमितपाए गए थे लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है। हालांकि उनकी पत्नी निर्मल ICU में हैं।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Mon, 31 May 2021 08:52 AM (IST) Updated:Mon, 31 May 2021 08:52 AM (IST)
महान धावक मिल्खा सिंह को अस्पताल से मिली छुट्टी, लेकिन पत्नी हैं ICU में भर्ती
मिल्खा सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है (फोटो एएफपी)

मोहाली, आइएएनएस। यहां के एक स्थानीय अस्पताल में कोविड-19 का इलाज करा रहे दिग्गज भारतीय धावक मिल्खा सिंह को रविवार को अनुरोध पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि उनकी हालत स्थिर है, लेकिन मिल्खा  सिंह की पत्नी निर्मल, जो भारत की पूर्व वॉलीबॉल कप्तान थीं, उनको गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में स्थानांतरित कर दिया गया है।

फोर्टिस अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन में रविवार को कहा गया, परिवार के अनुरोध पर मिल्खा सिंह को स्थिर स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें ऑक्सीजन और पोषण संबंधी सहायता दी गई है। बयान में कहा गया, मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल को आईसीयू में स्थानांतरित करना पड़ा और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

पिछले हफ्ते, सिंह को कोविड -19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में, उनकी पत्नी को भी भर्ती कराया गया, क्योंकि वह भी कोविड -19 पॉजिटिव पाई गई थीं। भारत के महान धावक पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मिल्खा सिंह कोरोना से संक्रमित होने के बाद तेजी से उबर रहे हैं। उड़न सिख मिल्खा की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। मिल्खा सिंह में अब कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम होने लगा है।

19 मई को न्यूज एजेंसी पीटीआइ से अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी खुद मिल्खा सिंह ने शेयर की थी। उनका कहना था, हमारे कई सहयोगी का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है तो इसी वजह से परिवार के सभी सदस्यों का टेस्ट कराया गया था। टेस्ट की रिपोर्ट सामने आ गई है और इसमें घर के सभी सदस्यों नेगेटिव हैं सिर्फ मेरा ही एक टेस्ट पॉजिटिव आया है। बुधवार को मेरे कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आई जिसके बाद मैं काफी चकित हूं।

chat bot
आपका साथी