देश के नामी पहलवान लभांशु शर्मा का प्लान, बस के माध्यम से कराएंगे लंदन तक का सफर

देश के मशहूर कुश्ती खिलाड़ी लभांशु शर्मा ऋषिकेश से बस द्वारा लंदन जाने की तैयारी में हैं। इस लंबे और मजेदार सफर की दूरी 21 हजार किलोमीटर है जो बस से तय की जाएगी। इस यात्रा के दौरान 20 देश रास्ते में पड़ेंगे।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 06:05 PM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 06:05 PM (IST)
देश के नामी पहलवान लभांशु शर्मा का प्लान, बस के माध्यम से कराएंगे लंदन तक का सफर
Rishikesh to London: ऋषिकेश से लंदन तक की बस यात्रा

नई दिल्ली, जेएनएन। क्या भारत से लंदन सड़क के रास्ते से और वो भी बस के माध्यम से जा सकते हैं? इसका जवाब आपके दिमाग में गोल-मोल आया होगा कि मुश्किल है, लेकिन ये काम संभव होने जा रहा है। आश्चर्य बात ये है कि लंदन जाने के लिए आप फ्लाइट का नहीं, बल्कि बस का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये बस भारत से सीधे लंदन जाएगी, लेकिन इसके रास्ते में एक या दो नहीं, बल्कि दुनिया के 20 देश पड़ेंगे।

सड़क मार्ग से भारत से लंदन जाने का मौका आपको भी मिल सकता है। देश के मशहूर कुश्ती खिलाड़ी लभांशु शर्मा ऋषिकेश से बस द्वारा लंदन जाने की तैयारी में हैं। इस लंबे और मजेदार सफर की दूरी 21 हजार किलोमीटर है, जो बस से तय की जाएगी। इस यात्रा की शुरुआत उत्तराखंड के ऋषिकेश से होगी। इस सफर का अंतिम स्टॉप लंदन होगा। ये यात्रा करीब ढाई महीने तक चलेगी।

अतुल्य यात्रा के तहत तिरंगे में रंगी हुई बस ऋषिकेश से लखनऊ के रास्ते इम्फाल होते हुए म्यांमार में प्रवेश करेगी। इसके बाद थाईलैंड, लाओस, चीन, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान और फिर उज्बेकिस्तान पहुंचेगी। इसके बाद यूरोपीय देश रूस, लातविया, लिथुआनिया, पोलैंड, चेक रिपब्लिक, ऑस्ट्रिया, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड और फ्रांस होते हुए इंग्लैंड पहुंचेगी। इस सफर के दौरान यात्री वेल्स और स्कॉटलैंड का भी यात्रा कर पाएंगे।

मशहूर भारतीय पहलवान और कई प्रतियोगिताओं में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले लभांशु शर्मा आयोजित कर रहे हैं। लंभाशु को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिवंगत राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से सम्मान भी पा चुके हैं। लभांशु शर्मा और उनके भाई का मकसद विश्व शांति यात्रा है। इससे पहले भी लभांशु शर्मा हिंदुस्तान से लंदन तक सफर सड़क मार्ग से पूरा कर चुके हैं।

अतुल्य यात्रा के तहत ऋषिकेश से लंदन जाने वाली इस बस और इस खास यात्रा का मकसक देश के पर्यटन को बढ़ावा देना भी है। इसके बारे में लभांशु शर्मा कहते हैं, "हम इस यात्रा के दौरान जिस भी देश में जायेंगे वहां की मीडिया को एक प्रेजेंटेशन दिखाएंगे। इस प्रेजेंटेशन के जरिए भारत के टूरिस्ट प्लेसेज के बारे में जानकारी देंगे और साथ ही साथ उन्हें एक बुकलेट प्रदान करेंगे, जबकि वहां के लोगों को भारत आने का आमंत्रण पत्र भी देंगे।"

chat bot
आपका साथी