जापान ओपन : साई प्रणीत की हार के साथ भारतीय चुनौती समाप्त

विश्व नंबर एक जापान के केंतो मोमोता ने प्रणीत को सीधे गेमों में 21-18 21-12 से पराजित करते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Sat, 27 Jul 2019 07:52 PM (IST) Updated:Sat, 27 Jul 2019 09:52 PM (IST)
जापान ओपन : साई प्रणीत की हार के साथ भारतीय चुनौती समाप्त
जापान ओपन : साई प्रणीत की हार के साथ भारतीय चुनौती समाप्त

टोक्यो, प्रेट्र। भारत के बी साई प्रणीत को जापान ओपन के पुरुष सिंगल्स केसेमीफाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी। विश्व नंबर एक जापान के केंतो मोमोता ने प्रणीत को सीधे गेमों में 21-18, 21-12 से पराजित करते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। यह मुकाबला 45 मिनट तक चला।

प्रणीत की हार के साथ ही प्रतियोगिता में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। स्टार शटलर पीवी सिंधू और एचएस प्रणय पहले ही हारकर बाहर हो गए थे। क्वार्टर फाइनल में प्रणीत ने इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो को हराया था। मोमोता के खिलाफ भारतीय खिलाड़ी की शुरुआत अच्छी रही और उन्होंने 3-1 की बढ़त बना ली। हालांकि, मोमोता ने वापसी की और 11-8 से आगे हो गए।

प्रणीत ने अपने खेल को बेहतर करने का प्रयास किया, लेकिन वह वापसी करने में कामयाब नहीं हो पाए और 23 मिनट में गेम हारकर मुकाबले में पिछड़ गए। दूसरे गेम में भी प्रणीत शुरुआत में 9-6 से आगे थे, लेकिन शीर्ष वरीय जापानी खिलाड़ी ने वापसी की और 12-9 की बढ़त बना ली। मोमोता ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और 22 मिनट में गेम जीतते हुए फाइनल में जगह बना ली।

अब प्रणीत का केंतो मोमोता के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 2-2 से बराबर हो गया है। इससे पहले विश्व चैंपियनशिप-2018 में भी मोमोता ने प्रणीत को सीधे गेमों में मात दी थी। साल 2013 में इंडोनेशिया ओपन और इंडिया ओपन में प्रणीत ने मोमोता को हराया था।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी