हरियाणा में राष्ट्रमंडल के सभी 22 पदकविजेताओं को मिलेगी पूरी पुरस्कार राशि

प्रदेश सरकार अब राष्ट्र मंडल के पदक विजेता सभी 22 खिलाडि़यों को पूरी पुरस्कार राशि प्रदान करेगी।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Mon, 11 Jun 2018 09:37 AM (IST) Updated:Mon, 11 Jun 2018 10:29 AM (IST)
हरियाणा में राष्ट्रमंडल के सभी 22 पदकविजेताओं को मिलेगी पूरी पुरस्कार राशि
हरियाणा में राष्ट्रमंडल के सभी 22 पदकविजेताओं को मिलेगी पूरी पुरस्कार राशि

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा में खिलाडि़यों के बढ़ते विरोध को शांत करने के लिए मनोहर सरकार ने एक और यू टर्न लेते हुए राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाडि़यों के पक्ष में बड़ा फैसला किया है। प्रदेश सरकार अब राष्ट्र मंडल के पदक विजेता सभी 22 खिलाडि़यों को पूरी पुरस्कार राशि प्रदान करेगी। पहले राज्य सरकार ने उन खिलाडि़यों को पुरस्कार राशि काटकर देने का निर्णय लिया था, जो केंद्र सरकार अथवा विभिन्न एजेंसियों की तरफ से खेले थे। ऐसे खिलाडि़यों की संख्या 13 थी।

हरियाणा सरकार के इस फैसले का विरोध करते हुए पदक विजेता खिलाडि़यों ने काटकर पुरस्कार राशि लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने पुरस्कार वितरण समारोह ही रद कर दिया। इसके अलावा राज्य सरकार ने सरकारी नौकरी पाने का इंतजार कर रहे 207 खिलाडि़यों को भी जल्द आउट आफ टर्न जाकर नियुक्तियां देने का एलान किया है।

राज्य में करीब 300 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो नौकरी पाने की कतार में हैं, लेकिन राज्य सरकार ने 207 के आवेदन को ही उपयुक्त माना था। इन्हें भी अभी तक नौकरी नहीं मिल पाई थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन सभी खिलाडि़यों को सरकारी नौकरी देने संबंधी फाइल अप्रूव कर दी है, जिनकी प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले हरियाणा के खिलाडि़यों को राज्य सरकार डेढ़ करोड़, रजत पदक विजेताओं को 75 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 50 लाख रुपये का पुरस्कार देगी। प्रतिभागी खिलाडि़यों व उनके कोच को भी पुरस्कार राशि मिलेगी।

विज को उम्मीद पूरी पुरस्कार राशि के लिए सीएम को मना लेंगे
राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाडि़यों को पूरी पुरस्कार राशि दिए जाने का प्रस्ताव खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज जल्द ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास भिजवाएंगे। विज ने उम्मीद जाहिर की है कि मुख्यमंत्री को इस कार्य के लिए वह मना लेंगे और मुख्यमंत्री उनके प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करेंगे। बदले माहौल में अनिल विज ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी हमारी आन, बान, शान और सम्मान हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतकर लाए सभी 22 खिलाडि़यों को बिना राशि काटे पुरस्कार दिया जाएगा।

आस्ट्रेलिया में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में इन खिलाडि़यों ने जीते पदक 
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खिलाडि़यों ने इतिहास रचकर 66 पदक जीते, जिनमें 26 गोल्ड, 20 सिल्वर, 20 कांस्य हैं। हरियाणा के 38 खिलाडि़यों ने अपना शानदार प्रदर्शन देते हुए 22 पदक जीते, जिसमें नौ गोल्ड, छह सिल्वर और सात कांस्य हैं।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी