पुरी जिले में ओडिशा पुलिस के 'करुणा शिविर'

चक्रवात फणि से बुरी तरह क्षतिग्रस्त पुरी जिला के प्रभावित लोगों की सहायता के लिए ओडिशा पुलिस ने हाथ बढ़ाया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 May 2019 05:46 PM (IST) Updated:Mon, 13 May 2019 06:31 AM (IST)
पुरी जिले में ओडिशा पुलिस के 'करुणा शिविर'
पुरी जिले में ओडिशा पुलिस के 'करुणा शिविर'

संसू, संबलपुर : चक्रवात फणि से बुरी तरह क्षतिग्रस्त पुरी जिला के प्रभावित लोगों की सहायता के लिए ओडिशा पुलिस ने सहायता का हाथ बढ़ाते हुए 19 स्थानों पर प्रभावित लोगों के लिए 'करुणा शिविर' शुरू किया है। जहां रोजाना 12 हजार लोगों को भोजन-पानी दिया जा रहा है। इन शिविरों का सारा खर्च और प्रबंधन ओडिशा पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। ओडिशा पुलिस के आइजी (स्पेशल आ‌र्म्ड पुलिस) अमिताभ ठाकुर के मुताबिक बीते शुक्रवार को चक्रवात फणि से ओडिशा के तटीय जिलों में काफी नुकसान हुआ। इसके बाद ओडिशा पुलिस की ओर से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बुरी तरह क्षतिग्रस्त पुरी जिला में करुणा शिविर शुरू किया गया। ओडिशा पुलिस के डीजीपी डॉ. आरपी शर्मा ने पुरी के श्रद्धाबालि में प्रथम शिविर का उदघाटन करने समेत प्रभावित लोगों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इसके पश्चात पुरी शहर के चार स्थानों के अलावा जिला के बलंगा, ब्रह्मगिरि, कणाश, डेलांग, चंदनपुर, पिपली, सातपाड़ा, बालिघाई, हाट डेलांग, सत्यवादी, गदीशगड़ा आदि इलाकों में शिविर शुरू किया गया। ये सभी शिविर दस दिनों तक चलेगा। जिला प्रशासन और स्वयंसेवी संगठनों के लोग भी इसमें सहयोग कर रहें हैं। शुक्रवार को डीजीपी डॉ. शर्मा समेत एडीजी (लॉ एंड आर्डर) संजीव पंडा ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात कर इन शिविरों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ओडिशा पुलिस के इस सेवाकार्य की सराहना करने समेत आपदा की इस घडी में सबको एक दूसरे की सहायता करने का आह्वान किया है।

chat bot
आपका साथी