घाटों पर नौका बहाकर स्मरण किया सदियों पुरानी परंपरा

ओडिशा के वैभवशाली इतिहास एवं समृद्ध वाणिज्य को स्मरण कराने वाला बोइत बंदान पर्व शहर भर में धूमधाम से मनाया गया। जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ वहीं सुबह घाटों पर जाकर पवित्र स्नान करने के बाद नौका विसर्जन कर अपने पूर्वजों को याद किया गया। कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान के लिए घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Nov 2019 11:57 PM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 06:20 AM (IST)
घाटों पर नौका बहाकर स्मरण किया सदियों पुरानी परंपरा
घाटों पर नौका बहाकर स्मरण किया सदियों पुरानी परंपरा

जागरण संवाददाता, राउरकेला : ओडिशा के वैभवशाली इतिहास एवं समृद्ध वाणिज्य को स्मरण कराने वाला बोइत बंदान पर्व शहर व आसपास के क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंगलवार को सुबह नदी घाटों पर जाकर लोगों ने पवित्र स्नान करने के बाद नौका विसर्जन कर अपने पूर्वजों को याद किया। कार्तिक पूर्णिमा का अवसर होने से भी नदी घाटों पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी।

बोइत बंदान उत्सव के मौके पर वेदव्यास त्रिवेणी संगम पर नौका विसर्जन के लिए सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां पवित्र स्नान कर बोइत बंदान किया। वहीं बालुंकेश्वर व चंद्रशेखर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की गई। शहर के डीएवी तालाब, गोपबंधुपल्ली रेलवे तालाब, ओएसएपी तालाब, बंडामुंडा के तिलकानगर तालाब झीरपानी आदित्य घाट, सेक्टर-16 डोंगा घाट, हमीरपुर घाट, सेक्टर-20 बैकुंठ घाट में भी सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और नौका विसर्जन किया।

उत्कल सांस्कृतिक परिषद : बोइत बंदान उत्सव पर सेक्टर-2 पूजा मैदान में उत्कल सांस्कृतिक परिषद की ओर से उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें सांसद जुएल ओराम उपस्थित थे। उन्होंने राउरकेला को मिनी इंडिया बताया तथा सभी तरह के उत्सव मिल जुलकर मनाने की बात कही। इसमें डालमिया भारत सीमेंट के कार्यपालक निदेशक सुनील गुप्ता भी मौजूद थे। परिषद के अध्यक्ष अभय महापात्र की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सचिव शंकर जेना ने संपादकीय विवरण प्रस्तुत किया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने वालों को सम्मानित भी किया गया। जाने माने कलाकारों के द्वारा प्रस्तुत नृत्य संगीत का दर्शकों ने लुत्फ उठाया।

----------

कलिग विहार सांस्कृतिक परिषद : कलिग विहार सांस्कृतिक परिषद की ओर से बोइत बंदान एवं कार्तिक पूर्णिमा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कलिग विहार वीएसएनएल चौक के पास आयोजित कार्यक्रम में विधायक व जिला योजना कमेटी के चेयरमैन शारदा प्रसाद नायक उपस्थित थे। उन्होंने साधव पुत्रों के देश विदेश में व्यापार के संबंध में जानकारी दी। इसमें बीपीयूटी के कुलपति प्रो. चितरंजन त्रिपाठी, सरकारी स्वयंशासित कालेज पानपोष के प्रिसिपल डा. देवेन्द्र बेहरा मौजूद थे। समारोह में भुवनेश्वर से आए कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

द. राउरकेला बोइत बंदान समिति : दक्षिण राउरकेला बोइत बंदान समिति की ओर से बोइत बंदान मैदान में धूमधाम से उत्सव मनाया गया। इसमें बीजद नेता आनंद महंती, कवि शंकर्षण जेना, प्रो. रुक्मिणी साहू मौजूद थे। कवि अजय बिस्वाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। समिति के अध्यक्ष विजय महंती, महासचिव अक्षय प्रहराज, विजय बेउरिया, गौरांग नायक, सुशांत राउत, केशव साहू, अनिल मल्लिक, दिलीप मल्लिक आदि लोग मौजूद थे। समलेश्वरी मैलोडी ग्रुप के द्वारा यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

chat bot
आपका साथी