हाती नदी की बाढ़ से मची तबाही

राज्य में लगातार हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 Jul 2018 04:12 PM (IST) Updated:Sun, 22 Jul 2018 04:12 PM (IST)
हाती नदी की बाढ़ से मची तबाही
हाती नदी की बाढ़ से मची तबाही

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : राज्य में लगातार हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। वहीं कुछ नदियों में बाढ़ आ जाने से स्थिति गंभीर हो गई है। खबर के मुताबिक इंद्रावती मंगलपुर बैराज के पांच गेट खोले जाने और 897 क्यूसेक पानी प्रति सकेंड प्रवाहित होने से बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। इससे नदी के निचले हिस्से में बाढ़ का पानी घुस गया है।

बाढ़ के चलते जुनागड़ शहर के पास हाती नदी के पुराने ब्रिज के ऊपर से करीबन छह फीट पानी बह रहा है। बाढ़ का पानी जूनागड़ शहर में प्रवेश कर गया है। घरों में पानी घुस जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, तालबंदपड़ा के पास जुनागड़-कलमपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को चार फीट पानी आ जाने से यातायात बंद हो गया है। प्रगतिनगर एवं भद्रागुड़ा के बीच स्थित बामनमुंडा नाले का पुल पानी के बहाव से ध्वस्त हो गया है। इससे जूनागड़-कलमपुर के बीच आवागमन ठप हो गया है। कलमपुर इलाके में एक व्यक्ति को बहता देख ओड्राफ की टीम ने उसे बचा लिया। इस रास्ते होकर गुजरने वाले जुनागड़ से चिचैगुड़ा, नुआगुड़ा, यमुनाबाहाल, भेजीपदर, बागडोंगरी के बीच संपर्क कट गया है। उसी तरह तलमला, साहाजकना एवं चंगुड़ीस के बीच बाढ़ का पानी प्रवाहित होने से जुनागड़ा से इन जगहों का संपर्क कट गया है। इसके अलावा कुलीहारी के पास सागजोर ब्रिज के ऊपर पानी बहने से ब्राह्माणीगुड़ा एवं कुलीहारी, सानडुमेरबाहाल, कलेइगां के बीच संपर्क कट गया है। देदर पंचायत के गोलामुंडा एवं सोरिषमाल में पानी में फंसे अनेक परिवार को बचाया गया है। यहां पर 50 से अधिक घर पानी के बहाव में टूट गए हैं। वहीं पितागुड़ा में एक मानसिक रूप से कमजोर महिला की दीवार में दबकर मौत हो जाने की सूचना है। जुनागड़ एनएसी की तरफ से अध्यक्ष विजयलक्ष्मी कंदयान, उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद साहू, कार्यकारी अधिकारी ईश्वर पुझारी, काउंसिलर मुकेश अग्रवाल आदि ने प्रभावितों को राहत सामग्री मुहैया कराई है। खबर के मुताबिक शनिवार को जुनागड़ ब्लाक में 256 मिमी बारिश दर्ज की गई है। उसी तरह हाती नदी के ऊपरी हिस्से में मौजूद कलमपुर ब्लाक में 200 मिमी, जयपाटणा ब्लाक में 210 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है।

----------

सुकमा नदी के पुल पर पांच फीट पानी

राज्य में लगातार हो रही बारिश से राज्य में सबसे ज्यादा प्रभावित मलकानगिरी जिला हुआ है। यहां हुई भारी बारिश के कारण छत्तीसगढ़ एवं मलकानगिरी को जोड़ने के लिए सावेरी नदी पर बने पुल के ऊपर पांच फीट पानी बह रहा है। इससे मलकानगिरी का छत्तीसगढ़ से संपर्क कट गया है। मलकानगिरी के कोरूकुंडा, पटेरू एवं पांगम नदी में पानी का प्रवाह बढ़ा है। इससे पिछले दो दिन से मलकानगिरी जिला का संपर्क अन्य जगहों से कटा हुआ है। पिछली रात में हुई भारी बारिश के चलते सावेरी नदी में बने ब्रिज के ऊपर पांच फीट पानी प्रवाहित हो रहा है। इससे मलकानगिरी एवं इस रास्ते से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।

chat bot
आपका साथी