पार्टी विरोधी कार्य पर निकाले गए राउत: नवीन पटनायक

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पार्टी विरोधी कार्य के लिए दामोदर राउत को पार्टी से निकाला गया है।

By BabitaEdited By: Publish:Fri, 14 Sep 2018 11:17 AM (IST) Updated:Fri, 14 Sep 2018 11:22 AM (IST)
पार्टी विरोधी कार्य पर निकाले गए राउत: नवीन पटनायक
पार्टी विरोधी कार्य पर निकाले गए राउत: नवीन पटनायक

भुवनेश्वर, जेएनएन। पार्टी विरोधी कार्य के लिए दामोदर राउत को पार्टी से निकाला गया है, वह हमेशा ही दायित्वहीन टिप्पणी दे रहे थे। उनके ऊपर जितने भी आरोप लगे हैं, सभी हास्यास्पद हैं, यह बात नई दिल्ली से गुरुवार को भुवनेश्वर लौटे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मीडिया से बात करते हुए कही है।

बुधवार शाम को ही दामोदर राउत को पार्टी से बाहर निकाला गया था, तब क्यों ऐसा हुआ नहीं बताया गया था। अब मुख्यमंत्री ने कारण स्पष्ट कर दिया है। आेडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के साथी रहे वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री दामोदर राउत को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने के पीछे उनके विवादित बयान प्रमुख कारण रहा जिनके चलते कारण नवीन की किरकिरी होती रही। उन्हें माफी तक मांगना पड़ा। माना जा रहा है कि डा. राउत अखिल भारतीय बीजू विचार मंच बना रहे हैं। इसमें वो लोग होंगे जिन्हें बीजद में हिकारत की नजर से देखा जाता है। 

दामोदर से मिले बैजयंत पंडा

बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री डा. दामोदर राउत को पार्टी से बहिष्कार किए जाने के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरण की सुगबुगाहट तेज हो गई है। खुद दामोदर राउत ने भी कहा है कि वह किसी पार्टी में नहीं जाएंगे। ऐसे में डा. राउत के बहिष्कृत होने के 24 घंटे के  दर ही गुरुवार को सुबह पूर्व सांसद बैजयंत पंडा की मुलाकात को इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।

खबर के मुताबिक बैजयंत पंडा ने भुवनेश्वर में राउत के सरकारी आवास पर जाकर मुलाकात की। मुलाकात करने के बाद पंडा ने कहा है कि मैं दाम बाबू को नैतिक समर्थन देने आया था। उनके ऊपर कार्रवाई दुखद है। बीजू बाबू के साथ काम करने वाले लोगों को एक एक बीजद से निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा है कि जिस पार्टी को लेकर हम कभी गर्व कर रहे थे, वह दल अब नहीं है। पहले एक समय था जब भ्रष्टाचार की बात सामने आते ही एक्सन लिया जाता था, मगर भ्रष्टाचार के आरोप आने पर भी कार्रवाई नहीं होती है। वहीं, दूसरी तरफ दामोदर राउत ने कहा है कि बैजयंत के साथ हमारी सौजन्यमूलक मुलाकात थी। राजनीतिक उद्देश्य लेकर हमारी कोई चर्चा नहीं हुई है। नवीन बाबू आज जो रणनीति बदल रहे हैं वह बीजू बाबू के आदर्श के विपरीत है। वर्तमान समय में बीजद में कोई भी बीजू समर्थक नहीं है।

यहां उल्लेखनीय है कि दोनों नेता  मीडिया के सामने चाहे कुछ कहें, मगर राजनीतिक जानकार कयास लगा रहे हैं कि आगामी दिनों में अन्य कुछ नेता जैसे कि राउरकेला भाजपा विधायक दिलीप राय, वरिष्ठ नेता विजय महापात्र, बैजयंत पंडा, डा. दामोदर राउत जो कि सभी बीजू बाबू के साथ जुड़े रहने वाले नेताओं में से हैं सभी मिलकर आगामी आम चुनाव से पहले एक नया मंच बना सकते हैं। इसे लेकर राजनीतिक हल्कों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।

chat bot
आपका साथी