बीजद के खिलाफ भ्रष्टाचार होगा भाजपा का हथियार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि मसीहा की तरह प्रस्तुत करनी है। केंद्र सरकार के जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

By BabitaEdited By: Publish:Tue, 31 Jul 2018 11:38 AM (IST) Updated:Tue, 31 Jul 2018 11:38 AM (IST)
बीजद के खिलाफ भ्रष्टाचार होगा भाजपा का हथियार
बीजद के खिलाफ भ्रष्टाचार होगा भाजपा का हथियार

भुवनेश्वर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सह ओडिशा प्रभारी अरुण सिंह ने आम चुनाव में बीजद के खिलाफ भ्रष्टाचार को भाजपा द्वारा हथियार बनाए जाने के संकेत दिए हैं। मीडिया से करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा ओडिशा इकाई बीजू जनता दल के विधायकों और मंत्रियों के क्षेत्र में जाकर उनकी पोल खोलो अभियान चलाएगी। सत्ता दल के ऐसे नेताओं को चिह्नित किया जा चुका है जिनके खिलाफ कोई न कोई भ्रष्टाचार के आरोप हैं। ऐसे नेताओं के खिलाफ आरोप पत्र तैयार करके जनता की अदालत में गांव-गांव लेकर जाएंगे। भाजपा नेता ने कहा कि कार्यकर्ता यह काम एक टीम बनाकर करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि मसीहा की तरह प्रस्तुत करनी है। केंद्र सरकार के जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सिंह ने नवीन पटनायक की सरकार को लॉलीपॉप सरकार बताते हुए कहा कि ग्राम साथी, कृषक साथी, बीजू युवा वाहिनी जैसे संगठन जनता को सरकारी योजनाओं की गलत सूचनाएं देकर भ्रमित कर रहे हैं। चुनाव के लिहाज से गुमराह युवकों का सहारा लेकर बीजद सरकार ने जनता तक पहुंचने के लिए सारी तैयारी की है। अब असलियत भाजपा बताएगी।

बीजू युवा वाहिनी के युवाओं को एक से दो हजार रुपये देकर बरगलाया जा रहा है। राज्य वासियों को मौलिक सुविधाओं को मुहैया करने में भी यह सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है। खुद मुख्यमंत्री परसेंटेज कारोबार (पीसी) को आम गांव, आम विकास (हमारा गांव हमारा विकास) कार्यक्रम के जरिए प्रोत्साहन दे रहे हैं। भाजपा प्रभारी ने कहा कि 19 साल शासन करने के बाद राज्य में 34 लाख लोगों के भूखे होने की बात एक मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकार करना यह दर्शाता है कि बीजद सरकार हर क्षेत्र में फेल साबित हुई है।

राज्य में स्वास्थ्य सेवा बदहाल है, किसान आत्महत्या कर रहा है, घरों में बिजली नहीं है, लोगों को शुद्ध पानी तक नहीं मिल रहा है। इन तमाम मुद्दों को लेकर भाजपा लोगों के बीच जा रही है और भाजपा ओडिशा में मिशन 120 प्लस हासिल करने में जी-जान से जुट गई है। इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष समीर महांती, प्रवक्ता गोलक महापात्र भी उपस्थित थे। 

दामोदर राउत पर गंभीर आरोप

पूर्वमंत्री तथा वरिष्ठ बीजद नेता डॉ दामोदर राउत पर गंभीर आरोप सामने आया है। पारादीप इलाके में ठेकेदारी कर रहे कांग्रेस नेता बापी सर्खेल ने राउत पर आरोप लगाया है कि पारादीप में दाम बाबू क्राइम सिंडीकेट चलाते हैं। पूर्व मंत्री पर रिंग मास्टर होने का आरोप लगाते हुए बापी ने कहा कि दामोदर राउत ने किस सूत्र से यह जानकारी हासिल की है कि गैंगस्टर टीटो का बापू परिडा से कोई संपर्क नहीं है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में टीटो से संबंध को लेकर बापू परिडा की गिरफ्तारी हुई है। कांग्रेस नेता ने उल्टे दामोदर राउत से सवाल किया है कि क्या पूर्व मंत्री दोनों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभा रहे थे। बापी के इस आरोप के बाद अचानक सूबे की राजनीति गर्मा गई है। भाजपा पहले ही टीटो मामले में बीजद नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगा रही थी। 

chat bot
आपका साथी