कांग्रेस की बी टीम है बीजू जनता दल : अमित शाह

बीजू जनता दल (बीजद) कांग्रेस की बी टीम है। दोनों ही दलों ने प्रदेश मे लंबे समय तक शासन किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Feb 2019 09:49 PM (IST) Updated:Sun, 03 Feb 2019 09:49 PM (IST)
कांग्रेस की बी टीम है बीजू जनता दल : अमित शाह
कांग्रेस की बी टीम है बीजू जनता दल : अमित शाह

जेएनएन, पुरी भुवनेश्वर : बीजू जनता दल (बीजद) कांग्रेस की बी टीम है। दोनों ही दलों ने प्रदेश में लंबे समय तक शासन किया है। लेकिन इनके कार्यकाल में ओडिशा में गरीबी कम नहीं हुई, पांच साल हमें दे दो, हम ओडिशा का कायाकल्प करके दिखा देंगे। यह बात श्रीक्षेत्र धाम पुरी के तालबड़िया में आयोजित भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कही है।

रविवार को कांग्रेस एवं बीजद पर पूरी तरह आक्रामक रहे भाजपा अध्यक्ष शाह ने एक तरफ जहां नवीन पटनायक सरकार को जले हुए ट्रांसफार्मर की तरफ उखाड़ फेंकने का आह्वान किया तो वहीं दूसरी तरफ बीते शुक्रवार को संसद में पेश अंतरिम बजट में किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र कर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए योजनाओं की घोषणा के दौरान संसद में सभी सांसद उत्साह में थे मगर राहुल बाबा का चेहरा लटका हुआ था। क्योंकि उनको लगा कि इससे तो हमारी जीतने की संभावना समाप्त हो गई। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि गरीबों को कुछ मिल रहा था तो राहुल बाबा को दिखावे के लिए ही हंस लेते।

अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया आदिवासी मंत्रालय

शाह ने कहा कि सालों तक शासन करने वाली कांग्रेस ने आदिवासी समुदाय के लिए मंत्रालय नहीं बनाया था, मगर यह काम भाजपा के नेता अटल विहारी वाजपेयी ने किया। ओडिशा में जनजाति भाइयों की संख्या काफी अधिक है, मगर उनकी हालत सबसे बदतर है।

ओडिशा में आदिवासियों के विकास के लिए भाजपा एवं कांग्रेस के बीच का अंतर बताते हुए शाह ने कहा कि यूपीए की 10 साल की सरकार में आदिवासियों के लिए 30,700 करोड़ रुपये का बजट था। वहीं मोदी सरकार में 50 हजार करोड़ रुपये जनजातियों के विकास के लिए रखा है। जनजाति मंत्रालय के लिए 4300 करोड़ रुपया वे देते थे, हमने 6275 करोड़ रुपये देने का काम किया है। यूपीए ने 166 एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए थे मोदी जी ने पांच साल में 288 मॉडल स्कूल बना कर दिखा दिया। हमारी केंद्र में सरकार आने से पहले ओडिशा में केवल 6 एकलव्य स्कूल थे, जिसे बढ़ाकर अब 103 करने का काम मोदी सरकार ने किया है।

राहुल बाबा को नहीं पता क्या होती रबी एवं खरीफ फसल

अंतरिम बजट का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि 6 हजार रुपये सालाना छोटे किसानों के सीधे खाते में जाएगा। कांग्रेस ने 2009 में किसानों का ऋण माफ किया जो 57 हजार करोड़ रुपये था, उसका लाभ केवल तीन करोड़ किसानों को मिला था। मोदी जी की योजना का लाभ 12 हजार करोड़ लोगों को मिलेगा। यह योजना राहुल बाबा को समझ में नहीं आती है। राहुल बाबा को यह भी पता नहीं है कि रबी फसल क्या है और खरीफ फसल क्या है। 5 लाख तक कमाने वालों को आयकर से मुक्त कर दिया गया है। ओडिशा के बड़ी संख्या में मजदूर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक में हैं इन सभी असंगठित मजदूरों को 60 साल बाद 3 हजार रुपये पेंशन मोदी सरकार देने वाली है। मोदीजी ने मछुआरों के लिए भी अलग से एक मंत्रालय बनाया है। मोदी सरकार यह सब काम लेकर आयी है।

47 अनुसूचित जनजाति संसदीय सीटों में से 28 भाजपा के पास

भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि जनजाति सम्मेलन के लिए ओडिशा से उपयुक्त और कोई जगह हो ही नहीं सकती थी। महाप्रभु जगन्नाथ गरीबों के देवता हैं और ओडिशा से लेकर गुजरात तक महाप्रभु के आशीर्वाद के लिए करोड़ों लोग लालायित रहते हैं। इस भूमि पर यह सम्मेलन कर सबको महाप्रभु का आशीर्वाद लेने का मौका मिला है। शाह ने कहा कि अगले पांच साल के लिए इस देश का शासन किसके पास होगा, देश की जनता तय करेगी। अनुसूचित जनजाति के 32 सांसद भाजपा के पास हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए देश में कुल 47 सीट है, जिसमें 28 सीट भाजपा ने जीती और 4 सामान्य सीट पर भी हमने जनजाति को लड़ाया और जीता। राज्यसभा में भी 4 अनुसूचित जाति के सदस्य भाजपा ने बनाया है। अनुसूचित जनजाति का सम्मान कर हमने पांच मंत्री बनाए। दो राज्यों में आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया है। जुएल ओराम आदिवासी मंत्रालय का काम देख रहे हैं। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सबसे बड़ा काम देश के आदिवासियों के लिए डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड की स्थापना कर किया है। 9 हजार करोड़ रुपये का फंड कल्याण के लिए रखा गया है।

अंतिम संस्कार की व्यवस्था नहीं कर सकते तो छोड़ दो सत्ता

शाह ने कहा कि ओडिशा में आदिवासी जनजातियों की हालत बदतर है। यह दाना माझी की स्थिति से दुनिया में स्पष्ट हो चुकी है। आदिवासी भाई को कंधे पर शव को लेकर जाना पड़ता है। यदि यह भी व्यवस्था राज्य सरकार नहीं कर सकती है तो फिर उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। देश के सबसे पिछड़े परिवार के अंतिम संस्कार का भी प्रबंध नहीं कर सकते हो तो आपको सत्ता छोड़ देनी चाहिए। शाह ने कहा कि भाजपा ने ओडिशा के लिए काफी काम किया है, मगर वह कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। पूरे देश को समृद्ध कर सके इतनी संपदा ओडिशा की भूमि में है। मगर यहां के मुख्यमंत्री को राज चलाने नहीं आता है। शाह ने कहा कि जितना भी चिल्लाओ नवीन बाबू को सुनाई नहीं देता है क्योंकि उन्हें ओड़िया भाषा समझ में ही नहीं आती है। शाह ने आह्वान किया कि राज्य को ओड़िया भाषा बोलने वाला मुख्यमंत्री दीजिए। कहा सूबे 42 प्रतिशत लोगों को पीने का पानी नहीं मिला है, रत्न भंडार भी सुरक्षित नहीं है। महाप्रभु जगन्नाथ के रत्न भंडार का ओडिशा की जनता हिसाब मांग रही है, इससका हिसाब वह नहीं दे रहे हैं।

ओडिशा का विकास क्यों नहंी हुआ, जवाब दें नवीन बाबू

शाह ने कहा कि राज्य भाजपा की तरफ से 'जवाब मांग रहा है ओडिशा' कार्यक्रम शुरू किया गया है। नवीन बाबू से मैं भी जवाब मांगता हूं। 19 साल से शासन है ओडिशा का विकास क्यों नहीं हुआ, हमें 5 साल दो हम सूबे का विकास करके दिखा देंगे। मोदी सरकार ने ओडिशा को 2 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का फंड दिया है। इसके अलावा भी काफी फंड दिया है। कुल मिलाकर 5 लाख 13 हजार करोड़ रुपये दिया। मैं नवीन बाबू से जवाब मांगता हूं कि इतनी सारी रकम कहां गई। आयुष्मान योजना से वंचित करने पर भी नवीन सरकार पर हमला बोला और योजना का लाभ राज्यवासियों को दिलाने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने 129 योजनाएं शुरू की है जिसका लाभ राज्य के जनजाति वर्ग के लोगों को मिलेगा।

chat bot
आपका साथी