सऊदी अरब: भारतीय कामगारों से मिले वीके सिंह, सरकार मदद को तैयार

विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने गुरुवार को सऊदी अरब में फंसे भारतीय कामगारों के साथ मुलाकात की।

By Manish NegiEdited By: Publish:Fri, 05 Aug 2016 08:46 AM (IST) Updated:Fri, 05 Aug 2016 09:20 AM (IST)
सऊदी अरब: भारतीय कामगारों से मिले वीके सिंह, सरकार मदद को तैयार

रियाद, (एएनआई)। विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने गुरुवार को सऊदी अरब में फंसे हजारों भारतीयों से मुलाकात की। गुरुवार को वो मक्का में भारतीय कामगारों के एक कैंप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा 'हम आपकी चिंताओं को दूर करने के लिए यहां आए हैं।' बता दें, इनमें से ज्यादातर भारतीय खाड़ी देश में आर्थिक मंदी के कारण अपनी नौकरी गंवाने के बाद शिविरों में रह रहे हैं। इन्हें 4 महीने से कंपनियों ने सैलरी नहीं दी है। इनके पास खाना खरीदने तक के पैसे नहीं हैं।

मदद को तैयार सऊदी सरकार

सऊदी अरब वहां फंसे हजारों भारतीय कामगारों का मदद करने को तैयार हो गया है, जिसमें उनके नि:शुल्क भारत वापसी की व्यवस्था करने और उनका बकाया भुगतान करना शामिल है। केंद्रीय मंत्री वी. के. सिंह ने सऊदी सरकार को मानवीय संकट के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद वहां की सरकार ने यह कदम उठाया है। विदेश राज्यमंत्री ने सऊदी अरब के श्रम मंत्री मुफरेज अल हकबानी से लंबी वार्ता की, जिन्होंने करीब सात हजार भारतीयों की मुश्किलों के तुरंत हल का वादा किया।

मुश्किल में हैं भारतीय

सऊदी अरब में फंसे 10 हजार से ज्यादा बेरोजगार भारतीय मजदूरों के पास देश वापसी के लिए किराया तक नहीं है। कई कंपनियां तो इन लोगों के पासपोर्ट तक जब्त कर लेती हैं। कहा जा रहा है, इन लोगों को 7 महीने से सैलरी नहीं मिली है। भारतीय दूतावास ने इन लोगों को अगले 10 दिनों के लिए खाने-पीने का सामान दिया है।

भारतीय कामगारों के मुद्दे पर सऊदी किंग का दखल, दो दिन के अंदर सुलझाएं मामला

chat bot
आपका साथी