ओलेक्जेंडर बने यूक्रेन के अंतरिम राष्ट्रपति

यूक्रेन के भगोड़े राष्ट्रपति विक्टर येनुकॉविच का विलासितापूर्ण परिसर लोगों के लिए खोल दिया गया है। इसमें जलमार्ग और गर्मियों में रहने वाला घर शामिल है जो कि मोनाको के आकार का आधा है।

By Edited By: Publish:Sun, 23 Feb 2014 06:31 PM (IST) Updated:Mon, 24 Feb 2014 04:50 AM (IST)
ओलेक्जेंडर बने यूक्रेन के अंतरिम राष्ट्रपति

कीव। यूक्रेन की संसद ने राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच को हटाने के अगले ही दिन स्पीकर ओलेक्जेंडर तुर्चिनोव को देश का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है। देश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही यानुकोविच के खिलाफ महीनों प्रदर्शन का केंद्र रहा राजधानी कीव का इंडिपेंडेंस स्क्वायर रविवार को बेहद शांत दिखाई दिया। प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने हजारों लोग इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर उमड़े। विपक्ष की नेता यूलिया तेमोशेंको को रिहा करने के साथ ही 25 मई को आम चुनाव कराने की घोषणा संसद शनिवार को ही कर चुकी है।

यूक्रेन की सीमा नियंत्रण सेवा की ओर से दावा किया गया कि यानुकोविच के सहयोगियों ने विमान से भाग निकलने देने के लिए बॉर्डर गार्ड को रिश्वत देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें देश छोड़कर जाने नहीं दिया गया। हालांकि, यह पता नहीं चल सका है कि यानुकोविच कहां गए हैं। यूक्रेन की समाचार एजेंसियों ने स्टेट बॉर्डर सर्विस के उप प्रमुख के हवाले से कहा है कि जिस चार्टर्ड विमान में यानुकोविच सवार थे उसे दोनेत्स्क से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। शारजाह में एक कार्यक्रम में सोवियत संघ के आखिरी नेता एवं नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मिखाइल गोर्बाचेव ने कहा कि यूक्रेन सरकार की राजनीतिक नीति असफल रहने से विरोध प्रदर्शन इस अंजाम तक पहुंचे।

पढ़ें : यूक्रेन की संसद ने राष्ट्रपति को हटाया, चुनाव की घोषणा

यूक्रेन की संसद ने तुर्चिनोव को अस्थायी रूप से राष्ट्रपति के कार्यो की जिम्मेदारी सौंप दी है। उन्हें विपक्ष की नेता व यूक्रेन की पूर्व प्रधानमंत्री यूलिया तेमोशेंको का विश्वासपात्र माना जाता है। तुर्चिनोव ने प्रतिनिधियों से मंगलवार तक राष्ट्रीय एकता वाली सरकार पर सहमत होने को कहा है। संसद ने विदेश मंत्री लियोनिड कोजहारा को भी हटाने के पक्ष में मतदान किया है। उन्हें यानुकोविच का समर्थक माना जाता है।

अंतरिम सरकार ने विक्टर यानुकोविच का विलासितापूर्ण परिसर लोगों के लिए खोल दिया गया है। इसमें जलमार्ग और गर्मियों में रहने वाला घर शामिल है। यह परिसर मोनाको के आकार का आधा है। यह यूक्रेन की राजधानी कीव से लगभग एक घंटे के ड्राइव पर है। लोग इसे देखकर आश्चर्यचकित हो रहे हैं। यूक्रेनवासी यानुकोविच के परिसर को देखने के लिए उमड़ पड़े। यह देखकर लोग हैरान रह गए कि यानुकोविच ने इतनी संपत्ति बना ली थी और इसे बाहरी दुनिया के लोगों से छिपाए रखा।

भगोड़े राष्ट्रपति की संपत्तियों में ऑस्ट्रेलियाई और अफ्रीकी शुतुरमुर्ग तथा खरगोश शामिल हैं। उनके पिंजड़ों पर लेबल लगे थे। यह सब उस देश का नजारा है जहां लोगों का औसत वेतन 500 डॉलर प्रति माह से भी कम है।

तेमोशेंको ने किया भीड़ को संबोधित

यूक्रेन की पूर्व प्रधानमंत्री यूलिया तेमोशेंको ने शनिवार को इंडिपेंडेंस स्कवायर पर हजारों प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। इससे पहले संसद में मतदान द्वारा उन्हें जेल से रिहा किया गया था। यूक्रेन के पूर्वी भाग में स्थित शहर खारकीव में जेल से रिहा होने के बाद 53 वर्षीय विपक्ष की नेता तेमोशेंको ने देश में 25 मई को होने वाले चुनाव लड़ने की घोषणा की। चुनाव की तिथि को शनिवार को संसद ने मंजूरी दी थी।

chat bot
आपका साथी