अमेरिकी प्रतिबंधों से उत्तर कोरिया बेफिक्र

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों के बाद अमेरिका ने इसी सप्ताह उत्तर कोरिया पर और प्रतिबंध लगाए हैं।

By Abhishek Pratap SinghEdited By: Publish:Fri, 04 Aug 2017 05:20 PM (IST) Updated:Fri, 04 Aug 2017 05:20 PM (IST)
अमेरिकी प्रतिबंधों से उत्तर कोरिया बेफिक्र
अमेरिकी प्रतिबंधों से उत्तर कोरिया बेफिक्र

प्योंगयांग, आइएएनएस/रायटर : अमेरिका के प्रतिबंध किसी अन्य देश को भले ही परेशान करें लेकिन इनसे उत्तर कोरिया को कोई फर्क नहीं पड़ता। इन प्रतिबंधों से उत्तर कोरिया की परमाणु हथियारों को विकसित करने की इच्छा और प्रबल होगी। यह बात उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कही है। उत्तर कोरिया ने अमेरिकी नागरिकों के प्योंगयांग आने पर प्रतिबंध लगाने के लिए भी अमेरिका की तीखी निंदा की है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों के बाद अमेरिका ने इसी सप्ताह उत्तर कोरिया पर और प्रतिबंध लगाए हैं। प्रतिक्रिया में उत्तर कोरिया ने कहा है कि प्रतिबंधों से उस पर कोई फर्क नहीं पड़ता। प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका की तरफ से दी जाने वाली युद्ध की धमकियों और प्रतिबंधों से उसकी सतर्कता और आत्मविश्वास बढ़ा है। अमेरिका की इन हरकतों से उसकी परमाणु हथियार बनाने की जरूरत को भी ताकत मिली है।

प्रवक्ता ने कहा कि दूसरे देश के नागरिकों के कारोबार और गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाकर अमेरिका ने वास्तव में संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है। प्रवक्ता ने कहा कि बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण अमेरिका और उसके साथी देशों के लिए चेतावनी है, जो कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव बढ़ाने में लगे हुए हैं। उनकी ऊर्जा और प्रतिबंध लगाने का अभियान व्यर्थ जाने वाला है। उसका उत्तर कोरिया के कार्यो पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

हमारे दरवाजे सबके लिए खुले

अमेरिकी पासपोर्ट धारियों के प्योंगयांग जाने पर प्रतिबंध लगाने को उत्तर कोरिया ने घिनौना कृत्य करार दिया है। कहा है कि ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे विदेशी लोग उत्तर कोरिया आने से डरें। हमारे दरवाजे सबके लिए खुले हैं। वे उत्तर कोरिया आएं और यहां की असलियत देखें। अमेरिकी भी आकर सब कुछ देख सकते हैं। अमेरिका ने मानवीय कार्यो में लगे लोगों और पत्रकारों को छोड़कर बाकी सभी अमेरिकी नागरिकों के एक सितंबर से उत्तर कोरिया जाने पर रोक लगा दी है।

यह भी पढ़ें: उत्तर कोरिया से बातचीत की पेशकश पर चीन ने किया अमेरिका का समर्थन

chat bot
आपका साथी