हिलेरी क्लिंटन होंगी अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति प्रत्याशी

डेमोक्रेट पार्टी की हिलेरी क्लिंटन को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनने के लिए आवश्यक समर्थन मिल गया। अब हिलेरी अमेरिका की पहली महिला उम्मीदवार होंगी।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Wed, 08 Jun 2016 04:57 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jun 2016 11:48 PM (IST)
हिलेरी क्लिंटन होंगी अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति प्रत्याशी

वाशिंगटन, प्रेट्र। सीधे मतदान में रिपब्लिकन पार्टी में डोनाल्ड ट्रंप तो पहले ही उम्मीदवार बनने के लिए अपेक्षित समर्थन हासिल कर चुके हैं, डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन को यह सफलता मंगलवार के चुनाव में मिल गई। राष्ट्रपति चुनाव में इस मुकाम तक पहुंचने वाली वह पहली महिला बन गई हैं। हिलेरी ने कैलीफोर्निया, न्यूजर्सी, न्यू मेक्सिको और साउथ डकोटा में जीत हासिल की है। उनके पार्टी प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स ने मोंटाना और नॉर्थ डकोटा में जीत हासिल की है। लेकिन वह अब भी मैदान छोड़ने को तैयार नहीं हैं।

पढ़ें - ......इस तरह ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंची हिलेरी

चार राज्यों में जीत के साथ हिलेरी के पास 2,497 प्रतिनिधियों का समर्थन हो गया है। यह उम्मीदवारी के लिए जरूरी 2,383 प्रतिनिधियों के समर्थन से काफी ज्यादा है। अमेरिका में इतना समर्थन हासिल करने वाली हिलेरी पहली महिला हैं। उनकी अधिकृत उम्मीदवारी का एलान फिलेडेल्फिया में जुलाई में होगा। हिलेरी ने इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए लोगों का शुक्रिया अदा किया है।

बराक ओबामा ने दी बधाई

राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें बधाई दी है। लेकिन हिलेरी के प्रतिद्वंदी बर्नी सैंडर्स 1,663 प्रतिनिधियों के समर्थन के बूते अब भी मैदान में डटे हुए हैं। वह गुरुवार को अपनी ही पार्टी के राष्ट्रपति ओबामा से मिलकर अपनी बात रखेंगे। आगामी मंगलवार (14 जून) को वाशिंगटन के प्राथमिक चुनाव में भी जोर-शोर से हिस्सा लेंगे। बर्नी का इरादा फिलेडेल्फिया में होने वाले पार्टी सम्मेलन में भी अपनी बात रखने का है।

ट्रंप ने जीते सभी राज्य

रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे बड़े राज्य कैलीफोर्निया और चार अन्य राज्यों- न्यूजर्सी, न्यू मेक्सिको, साउथ डकोटा और मोंटाना के प्राथमिक चुनावों में जीत हासिल करके अपने दावे को और मजबूत कर लिया। मुकाबला विहीन इस चुनाव में ट्रंप ने 172 प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल किया। उम्मीदवारी के लिए आवश्यक 1,237 प्रतिनिधियों का समर्थन वह पहले ही हासिल कर चुके हैं।

पढ़ें- हिलेरी को भी मिला सुपरडेलीगेट्स का समर्थन, सामने होंगे ट्रंप

उनकी उम्मीदवारी का औपचारिक एलान ओहियो में जुलाई में होने वाले रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन में होगा। ट्रंप ने कहा कि हिलेरी क्लिंटन का व्हाइट हाउस के लिए आगे बढ़ना अमेरिका में बराक ओबामा के कारण आए आपदा काल का विस्तार होगा।

chat bot
आपका साथी