अमेरिकी धरती से कांग्रेस ने बोला मोदी सरकार पर हमला

कांग्रेस ने अमेरिकी धरती से मोदी सरकार पर निशाना साधा है। सांसदों के दल के साथ अमेरिका गए कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देश में शांति व्यवस्था कायम रखने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है।

By Gunateet OjhaEdited By: Publish:Thu, 08 Oct 2015 06:08 PM (IST) Updated:Thu, 08 Oct 2015 06:18 PM (IST)
अमेरिकी धरती से कांग्रेस ने बोला मोदी सरकार पर हमला

वाशिंगटन। बिसाहड़ा कांड को लेकर कांग्रेस ने अमेरिकी धरती से मोदी सरकार पर निशाना साधा है। सांसदों के दल के साथ अमेरिका गए कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देश में शांति व्यवस्था कायम रखने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने बिसाहड़ा की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जबसे मोदी सरकार सत्ता में आई है, इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं।

बीजद सांसद जय पांडा के नेतृत्व में ज्योतिरादित्य सिंधिया, गौरव गोगोई (दोनों कांग्रेस), के. कविता (टीआरएस) और अर्पिता घोष (तृणमूल कांग्रेस) इन दिनों अमेरिका में हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "कुछ राज्यों को छोड़कर सभी प्रदेशों में पिछले 16 महीनों में इस तरह की घटनाओं (बिसाहड़ा) में वृद्धि हुई है, जिससे देश में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। यह किसी विशेष धर्म या जाति तक सीमित नहीं है बल्कि देश का हर नागरिक इससे प्रभावित है।"

बकौल सिंधिया मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, इंडिया राइजिंग जैसे अभियानों के बीच सरकार की पहली जिम्मेदारी देश में शांति व्यवस्था कायम करने की होती है। इसके बाद ही विकास हो सकेगा।

पीएम मोदी के बचाव में पांडा

दूसरी तरफ, पांडा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो बार ऐसी घटनाओं के खिलाफ बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा, "हां, हमें और प्रयास करना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है कि पीएम ने इस मसले (हिसक घटनाएं) पर बयान नहीं दिया है। मोदी पहले भी संसद में दो बार बयान देकर पूर्व की घटनाओं की निंदा कर चुके हैं।"

chat bot
आपका साथी