अब स्वास्थ्य का हाल भी बताएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति पद के दावेदार

अमेरिकी राष्ट्रपति पद के दावेदार अब अपने स्वास्थ्य के हाल से भी जनता को अवगत कराएंगे। शीर्ष पद के प्रमुख दावेदार डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन ने आने वाले दिनों में अपना मेडिकल विवरण जारी करने की बात कही है।

By Abhishek Pratap SinghEdited By: Publish:Tue, 13 Sep 2016 06:28 PM (IST) Updated:Tue, 13 Sep 2016 06:38 PM (IST)
अब स्वास्थ्य का हाल भी बताएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति पद के दावेदार

वाशिंगटन, पीटीआई : अमेरिकी राष्ट्रपति पद के दावेदार अब अपने स्वास्थ्य के हाल से भी जनता को अवगत कराएंगे। शीर्ष पद के प्रमुख दावेदार डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन ने आने वाले दिनों में अपना मेडिकल विवरण जारी करने की बात कही है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी की अचानक तबीयत खराब होने के बाद पैदा परिस्थितियों के मद्देनजर दोनों ने यह फैसला किया है।

9/11 की बरसी पर न्यूयॉर्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिलेरी अचानक बीमार हो गई थी और उन्हें अपना प्रचार अभियान रोकना पड़ा था। इस घटना के बाद पहली बार सीएनएन को दिए साक्षात्कार में उन्होंने इसी सप्ताह अपना प्रचार अभियान बहाल करने का वादा किया। उन्होंने बताया,'मैंने सोचा नहीं था मेरा बीमार होना इतनी बड़ी बात बनेगी। चक्कर आने से मैं संतुलन खो बैठी थी। बेहोश नहीं हुई थी और अब बहुत अच्छा महूसस कर रही हूं।'

प्रारंभ में उनके प्रचार अभियान दल ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के लिए गर्मी और निर्जलीकरण को जिम्मेदार बताया था। बाद में कहा गया कि उन्हें निमोनिया हो गया है। हिलेरी ने बताया कि यदि शुक्रवार को अपना कार्यक्रम तब्दील कर उन्होंने थोड़ा आराम कर लिया होता तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।

ऐसे में अब सवाल उठने लगे हैं कि निमोनिया की जानकारी देने में हिलेरी ने दो दिन की देरी क्यों की। उल्लेखनीय है कि रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप पूर्व में कई बार हिलेरी की सेहत को लेकर सवाल उठा चुके हैं। इस घटना के बाद उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी का मेडिकल रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की थी।

ओबामा ने बताया सर्वश्रेष्ठ नेता

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने देश का नेतृत्व करने के लिए हिलेरी को सर्वश्रेष्ठ नेता बताया है। उन्होंने सेहत का उनके प्रचार अभियान पर पड़ने वाले खराब प्रभाव की बात को भी खारिज किया है। इस हफ्ते के अंत में ओबामा हिलेरी के समर्थन में कई रैलियां भी करने वाले हैं।

भारतीयों ने ट्रंप को भेजा न्योता

आतंकवाद पीडि़तों के लिए धन जुटाने के वास्ते आयोजित एक कार्यक्रम के लिए भारतीय-अमेरिकियों ने ट्रंप को न्योता भेजा है। आयोजक रिपब्लिकन हिंदू कोलिशन ने बताया कि नौ अक्टूबर को न्यूजर्सी में यह आयोजन होगा। ट्रंप कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे। इससे प्राप्त होने वाली धनराशि दुनियाभर में आतंकवाद पीडि़तों के पास जाएगी। इससे उन 5,00,000 हिंदू शरणार्थियों के दुख-दर्द का विशेष ध्यान रखा जाएगा जो आतंकवाद के शिकार हैं।

पढ़ें- यौन शक्ति बढ़ाने के लिए दुश्मनों के दिमाग खाता है यह तानाशाह

पढ़ें- अब कैंसर होने की प्रक्रिया का अासानी पता चल जाएगा

chat bot
आपका साथी