राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए सानिया मिर्जा के नाम की सिफारिश

खेल मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि कर दी कि टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को देश के सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार ‘राजीव गांधी खेल रत्न’ के लिए नामित किया है। वैसे मंत्रालय का कहना है कि यह पुरस्कार किसे मिलना है, इसके बारे में अंतिम निर्णय अवॉर्ड समिति को लेना

By sanjay savernEdited By: Publish:Sat, 01 Aug 2015 06:18 PM (IST) Updated:Sat, 01 Aug 2015 07:42 PM (IST)
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए सानिया मिर्जा के नाम की सिफारिश

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि कर दी कि टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को देश के सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार ‘राजीव गांधी खेल रत्न’ के लिए नामित किया है। वैसे मंत्रालय का कहना है कि यह पुरस्कार किसे मिलना है, इसके बारे में अंतिम निर्णय अवॉर्ड समिति को लेना है। समिति की बैठक अगले कुछ दिनों में होगी।

खेल सचिव अजीत शरण ने कहा कि मंत्रालय को अखिल भारतीय टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) से सानिया के नाम की सिफारिश देरी से मिली थी, लेकिन मंत्रालय ने नियमों के तहत अपने तरफ से उनके नाम की सिफारिश की। नियमों के अनुसार यदि खिलाड़ियों के आवेदन नहीं मिलते है तो मंत्रालय अपनी तरफ से दो योग्य खिलाड़ियों की सिफारिश कमेटी के सामने कर सकता है। इस पुरस्कार की घोषणा के लिए कमेटी की बैठक शीघ्र ही होगी।

सानिया ने पिछले महीने मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर विम्बल्डन महिला डबल्स खिताब जीता था। उनकी इस उपलब्धि को इस पुरस्कार के लिए ध्यान में नहीं रखा जाएगा, लेकिन इसके अलावा भी उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों से बहुत ज्यादा है।

सानिया के अलावा इस पुरस्कार के अन्य दावेदारों में प्रमुख रूप से विकास गौड़ा (एथलेटिक्स), सरदार सिंह (हॉकी), टिंटू लुका (एथलेटिक्स), दीपिका पल्लीकल (स्क्वॉश), देवेंद्र झांझरिया (पैरालिंपिक), अभिषेक वर्मा (तीरंदाजी) शामिल है।

सानिया की प्रमुख सफलताएं :

2004 में अर्जुन अवॉर्ड और 2006 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सानिया ने 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में साकेत मनेनी के साथ मिक्स्ड डबल्स गोल्ड और प्रार्थना ठोंबरे के साथ महिला डबल्स कांस्य पदक जीते थे। उन्होंने इसके अलावा पिछले वर्ष ब्रूनो सोअरेस के साथ यूएस ओपन में मिक्स्ड डबल्स खिताब जीता था।

पिछले दो वर्षों से इस पुरस्कार को लेकर काफी विवाद होते रहे हैं। 2013 में निशानेबाज रोंजन सोढ़ी को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था, जिसका डिस्कस थ्रो एथलीट कृष्णा पूनिया ने खुलकर विरोध किया था। पिछले वर्ष इस पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी को नहीं चुना गया था।

खेल की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी