Weather Update: दिल्ली में टूटा गर्मी का रिकार्ड, पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार, जानें- आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम

weather update today देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्से फिर से लू की चपेट में आ गए तथा कई कस्बों और शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। राजधानी में एक बार फिर लू लोगों को बेहाल कर रही है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Sun, 05 Jun 2022 07:11 AM (IST) Updated:Sun, 05 Jun 2022 11:35 AM (IST)
Weather Update: दिल्ली में टूटा गर्मी का रिकार्ड, पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार, जानें- आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी से लोग परेशान (फोटो एएनआई)

नई दिल्ली, जेएनएन।  मानसून भले तय समय से पहले भारत में दाखिल हो गया हो लेकिन, अभी भी लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलती नहीं दिख रही है। कुछ दिनों तक राहत के बाद देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्से फिर से लू की चपेट में आ गए तथा कई कस्बों और शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। राजधानी में एक बार फिर लू लोगों को बेहाल कर रही है। लगातार दूसरे दिन विभिन्न इलाकों में लू चलने की वजह से लोग घरों में कैद होकर रह गए। वहीं तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि मुंगेशपुर में यह 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे शनिवार को दिल्ली में मुंगेशपुर सबसे गर्म स्थान रहा। यही नहीं जून में गर्मी का तीन साल का रिकार्ड भी टूट गया। 'स्काईमेट वेदर' की माने तो उत्तर भारत के कई राज्यों में लू की वापसी होगी। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, विदर्भ के कुछ हिस्से, दक्षिण हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अलग-अलग इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आज राजस्थान, जम्मू , हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर लू चलेगी । आईएमडी ने यह भी भविष्यवाणी की है कि विदर्भ, झारखंड, आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में 6 जून तक हीटवेव की स्थिति देखी जा सकती है। दक्षिण उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 8 जून तक कमोबेस यही स्थिति रहेगी। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज चमक व तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर छिटपुट बारिश होगी।

राजधानी दिल्ली आज भी चलेगी लू, येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में  रविवार को भी आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि दोपहर में गर्म हवा के कारण कई इलाकों में लू चलेगी। इस वजह से मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद अगले चार दिन आकाश साफ रहेगा और तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। इससे फिलहाल गर्मी से खास राहत नहीं मिलने वाली है। 10 जून को मौसम में थोड़ा बदलाव होने पर तापमान में कुछ कमी आ सकती है।

राजस्थान में भीषण गर्मी, 12 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी

राजस्थान में 47 डिग्री सेल्सियस की झुलसाने वाली गर्मी से तप रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। अगले हफ्ते के अंत (10 जून के बाद) तक प्रदेश में प्री मानसून की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। उधर, 12 जिलों के लिए आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक, राज्य में 5 जून को भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, दौसा, टोंक, जयपुर के अलाव बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर और झुंझुनूं बेल्ट में तेज गर्मी के साथ धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 6-8 जून तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और गर्मी के तेवर बने रहेंगे।

बिहार में 45 डिग्री के पार हुआ तापमान

बिहार में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। शनिवार को बक्सर राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। यहां का अधिकतम तापमान 45.6 पर पहुंच गया। वहीं, औरंगाबाद में 45, डिहरी में 44.4 गया में 43.7 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा का कहना है कि प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। मध्य एवं दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। वहीं, उत्तर एवं पूर्वी बिहार के जिलों में आंधी के साथ बारिश हो रही है। गर्मी से सबसे ज्यादा परेशानी राज्य के पश्चिमी जिलों में देखी जा रही है।

मप्र में अभी तीखे रहेंगे गर्मी के तेवर, पारा 45 डिग्री के पार

मध्य प्रदेश में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय न रहने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। नमी कम रहने के कारण गर्मी के तेवर भी तीखे बने हुए हैं। मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने व दक्षिणी पूर्व उत्तर प्रदेश पर बना चक्रवाती घेरा हटने के कारण इंदौर सहित प्रदेश के सभी जिलों के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार से पारा एक सप्ताह तक 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

chat bot
आपका साथी