ओडिशा में पारा 40 डिग्री के पार, स्कूलों का समय बदला, 120 वर्षों में दूसरी बार सबसे गर्म रही फरवरी

ओडिशा और झारखंड के शहरों में फरवरी में ही जून जैसी गर्मी पड़ने लगी है। भुवनेश्वर में पिछले पांच दिनों से पारा 40 डिग्री के आसपास है। रविवार को भी यहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं झारखंड में जमशेदपुर और पलामू सबसे गर्म रहे।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 01:46 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 01:54 AM (IST)
ओडिशा में पारा 40 डिग्री के पार, स्कूलों का समय बदला, 120 वर्षों में दूसरी बार सबसे गर्म रही फरवरी
ओडिशा और झारखंड के शहरों में फरवरी में ही जून जैसी गर्मी पड़ने लगी है।

नई दिल्ली, जेएनएन। ओडिशा और झारखंड के शहरों में फरवरी में ही जून जैसी गर्मी पड़ने लगी है। भुवनेश्वर में पिछले पांच दिनों से पारा 40 डिग्री के आसपास है। रविवार को भी यहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, झारखंड में जमशेदपुर और पलामू सबसे गर्म रहे। इन दोनों शहरों का तापमान 36.8 डिग्री रहा। वहीं, धनबाद, बोकारो और रामगढ़ का तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा। रांची और हजारीबाग का तापमान 34.8 डिग्री रहा।

ओडिशा में गर्म हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त

ओडिशा में दिनभर तेज धूप और गर्म हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक तापमान और बढ़ सकता है। ज्यादातर शहरों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की आशंका है। इतनी गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से दोपहर को घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फरवरी में इस तरह की स्थिति सामने आने के बाद अप्रैल, मई एवं जून में पड़ने वाली गर्मी के बारे में सोचकर लोग सहमे हुए हैं।

अनुगुल में तापमान 38.9

रविवार को अनुगुल में तापमान 38.9, बारीपदा में 38.6, संबलपुर में 37.3, कटक में 38.1, नयागड़, तालचेर और टिटिलागढ़ में 38, बलांगीर में 37.6, झारसुगुड़ा में 37.5, सोनपुर में 37.2, हीराकुद में 36.9, भवानीपाटना में 36.6, चांदबाली, बालेश्वर में 36.2, मलकानगिरी में 36 और केंदुझर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।

जरूरी इंतजाम करने के निर्देश 

उधर, राज्य विशेष राहत विभाग ने भी सभी जिलाधीशों को पत्र लिखकर सतर्क रहने को कहा है। जिन इलाकों में पानी की कमी है, उनकी पहचान कर हैंडपंप व ट्यूबवेल की मरम्मत करने का निर्देश दिया है। कैनाल में जरूरी मात्रा में पानी छोड़ने के लिए जल संसाधन विभाग को कहा गया है। वहीं, लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूल के समय में बदलाव कर सुबह का समय लागू कर दिया है।

120 वर्षों में दूसरी बार सबसे गर्म रहा फरवरी का महीना

इस बार फरवरी में ही गर्मी ने रिकार्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं। बीते 120 वर्षों में इस बार फरवरी में दूसरी बार सबसे ज्यादा गर्मी रही। इस वर्ष फरवरी का औसत अधिकतम तापमान चार डिग्री ज्यादा 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री ज्यादा 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 28 में से 24 दिन अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। सात दिन 30 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रिकार्ड किया गया। माह की औसत बारिश 18.0 मिमी है, लेकिन इस बार यह 86 फीसद कम केवल 2.6 मिमी रही।

1901 से लेकर 2006 की फरवरी सबसे गर्म थी

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इससे पहले 2006 में ही फरवरी का महीना इतना गर्म रहा था, तब 11 दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा था। इसी साल 26 फरवरी के दिन अधिकतम तापमान का आल टाइम रिकार्ड बना था जो 34.1 डिग्री सेल्सियस था। इस साल यह तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक गया। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह कि फरवरी 2006 का औसत अधिकतम तापमान था 29.7 डिग्री सेल्सियस जबकि फरवरी 2021 में रहा है 27.9 डिग्री सेल्सियस। मौसम विभाग के अनुसार, 1901 से लेकर अभी तक 2006 की फरवरी सबसे गर्म थी, जबकि यह फरवरी दूसरी सबसे गर्म फरवरी रही है।

chat bot
आपका साथी