अमेरिका और ब्रिटेन से भारतीयों को लाने वाली उड़ानें टलीं, जानें क्‍या है कारण

लॉकडाउन के कारण दूसरे देशों में फंसे हजारों भारतीयों को स्वदेश वापस लाने का महा अभियान वंदे भारत गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। इस अभियान की बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 07 May 2020 12:17 AM (IST) Updated:Thu, 07 May 2020 12:17 AM (IST)
अमेरिका और ब्रिटेन से भारतीयों को लाने वाली उड़ानें टलीं, जानें क्‍या है कारण
अमेरिका और ब्रिटेन से भारतीयों को लाने वाली उड़ानें टलीं, जानें क्‍या है कारण

नई दिल्ली, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण दूसरे देशों में फंसे हजारों भारतीयों को स्वदेश वापस लाने का महा अभियान वंदे भारत गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। इस अभियान की बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। जिन एयरपोर्ट पर इन यात्रियों को लेकर फ्लाइट पहुंचेंगी, वहां देर रात तक सुरक्षा प्रबंध दुरुस्त किए जाते रहे, लेकिन कुछ पायलटों व क्रू मेंबर की कोरोना जांच रिपोर्ट न मिलने से अमेरिका और ब्रिटेन की उड़ान एक-एक दिन के लिए टाल दी गर्ई। ये उड़ानें अब शुक्रवार को संचालित होंगी। एयर इंडिया सूत्रों के मुताबिक संबंधित देशों की शर्त के मुताबिक क्रू मेंबर की कोराना रिपोर्ट निगेटिव होना जरूरी है। इस बीच केंद्र सरकार ने राज्यों से तालमेल स्थापित करने के लिए अधिकारियों की सूची जारी कर दी है। हर राज्य के लिए एक अधिकारी नामित किया गया है जो उस राज्य के निवासी को विदेश से निकालने में मदद करेगा। 

13 देशों से करीब 14800 लोगों को लाने की तैयारी

उल्लेखनीय है केंद्र सरकार ने बुधवार को विदेशों में फंसे लोगों को लाने के लिए वंदे भारत मिशन की घोषणा की थी। पहले चरण में 13 देशों से करीब 14800 को लाने की तैयारी है। एयर लाइंस के अलावा नौसेना के जहाजों से लोगों को लाया जाएगा। हर देश से लौटने का किराया निर्धारित कर दिया गया है। नौसेना के दो जहाज मालदीव और दुबई के लिए कल ही रवाना हो गए थे। एयर इंडिया के कई विमान सात मई को रवाना होने थे। एयर इंडिया के कुछ पायलटों व क्रू मेंबर की कोरोना जांच रिपोर्ट अटक जाने से लंदन-मुंबई और दिल्ली-सैनफ्रांसिस्को की फ्लाइट एक-एक दिन के लिए टाल दी गईं। अब शुक्रवार को क्रमश: सुबह साढ़े बजे लंदन और तड़के साढ़े तीन बजे सैनफ्रांसिस्को के लिए विमान रवाना होगा। 

अधिक यात्री क्षमता वाले विमान लगाए गए 

सात मई को एयर इंडिया की पहली उड़ान रात 11.15 पर सिंगापुर जाएगी। वहीं एयर इंडिया की सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान अबूधावी से 175 यात्रियों को लेकर गुरुवार रात 9.40 बजे पर कोच्चि पहुंच जाएगी। यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण एयर इंडिया ने अधिक यात्री क्षमता वाले विमान लगाए हैं। बुधवार को क्रू मेंबर को पीपीई के इस्तेमाल व अन्य सुरक्षा उपायों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ इस काम में लगाए गए पायलट और केबिन क्रू को हिदायत दी गई है कि वापसी पर उन्हें तब तक होटल में ही रहना होगा, जब तक उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव नहीं आ जाती है। 

राज्यों से तालमेल के लिए अधिकारी नामित 

नई दिल्ली। विदेश में फंसे लोगों की सहूलियत के लिए विदेश मंत्रालय ने राज्यवार अधिकारियों को नामित कर दिया है। जो जिस प्रांत का निवासी है वे अपने संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकता है। राज्य सरकारें भी अपने नागरिकों के लिए इन अधिकारियों से मदद ले सकती हैं। जारी सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के लिए अखिलेश मिश्र, बिहार के लिए आलोक रंजन झा, दिल्ली व हरियाणा के लिए नीना मल्होत्रा, झारखंड के लिए मनीष, पंजाब के लिए विरेंदर पाल, राजस्थान व गोवा के लिए मनोज भारती को नामित किया गया है।

chat bot
आपका साथी