गुना में वन भूमि पर कब्जे को लेकर बवाल, 14 घायल, पुलिस ने हवा में दागी गोलियां

गुना जिले के ग्राम जगनपुर चक में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के दौरान विवाद हुआ था। यह मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि दूसरा विवाद सामने आ गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 19 Jul 2020 11:41 PM (IST) Updated:Sun, 19 Jul 2020 11:41 PM (IST)
गुना में वन भूमि पर कब्जे को लेकर बवाल, 14 घायल, पुलिस ने हवा में दागी गोलियां
गुना में वन भूमि पर कब्जे को लेकर बवाल, 14 घायल, पुलिस ने हवा में दागी गोलियां

नईदुनिया, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के डोबरा और बीलखेड़ा गांव में वन भूमि पर जंगल की अवैध कटाई को लेकर रविवार को दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। एक-दूसरे पर लाठी, फरसे और गोफन से हमला किया गया, जिससे एक पक्ष के 10 और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवा में तीन गोलियां दागीं।

एक सुलझा नहीं कि दूसरा केस सामने आया

मालूम हो कि हाल ही में गुना जिले के ही ग्राम जगनपुर चक में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के दौरान विवाद हुआ था। इसमें पुलिसकर्मियों ने किसान दंपती से मारपीट की थी। यह मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि दूसरा विवाद सामने आ गया। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की जमीन पर जंगल की एक पक्ष के लोग कटाई कर रहे थे, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया था।

दो पक्षों में टकराव

बताया जाता है कि हमले में एक पक्ष के करामत, जफर, तबरेज, फिरोज, मुश्ताक, मुनावर, जिगर समेत 10 लोग घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष के वर सिंह, बड़ी, दौलतराम व अमर सिंह को चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्ष की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया है।

काफी उग्र थी भीड़

थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो भीड़ काफी अधिक और उग्र थी। पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए हवा में तीन गोलियां दागीं। इसके बाद भील समुदाय के लोगों ने दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यह सभी लोग बड़ी संख्या में लाठियां लेकर फतेहगढ़ थाना पहुंचे और घेराव किया। भीड़ को देखते हुए यहां आसपास के थानों का पुलिस बल बुलाया गया।

छावनी में तब्दील हुआ थाना

कुछ ही देर में फतेहगढ़ थाना छावनी में तब्दील हो गया। कलेक्टर कुमार पुषोत्तम और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। गुना के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर दो समुदाय के लोगों में झगड़ा हुआ है। पुलिस ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए हवा में तीन गोलियां दागी थीं।

chat bot
आपका साथी