Lockdown Violators: इनसे मिलिए ये हैं लॉकडाउन को ठेंगा दिखाने वाले VIP Covidiots

केेंद्र सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा कर रखी है मगर इस बीच कुछ वीआइपी ने इस नियम की भी धज्जियां उड़ाई हैं जिससे कोरोना वायरस फैलने का खतरा बढ़ा है।

By Vinay TiwariEdited By: Publish:Mon, 13 Apr 2020 01:12 PM (IST) Updated:Mon, 13 Apr 2020 03:11 PM (IST)
Lockdown Violators: इनसे मिलिए ये हैं लॉकडाउन को ठेंगा दिखाने वाले VIP Covidiots
Lockdown Violators: इनसे मिलिए ये हैं लॉकडाउन को ठेंगा दिखाने वाले VIP Covidiots

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ऐसे में कई राज्यों में वीआइपी किस्म के लोग लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छो़ड़ रहे हैं। अपने को वीआइपी मानते हुए नियम कानून तोड़ना ये सर्वोपरि मानते हैं। मुंबई के वधावन परिवार ने तो एकदम ही हद कर दी।

वो स्पेशल पास लेकर मुंबई से खंडाला तक 168 किलोमीटर का सफर तय करके पार्टी मनाने पहुंच गए जबकि वहां पर मरीजों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है। पुलिस को जब इस बात का पता चला उसके बाद हंगामा हुआ। लॉकडाउन के बाद स्पेशल वीआइपी पास जारी किए जाने के आरोप में पुलिस अधिकारी को छुट्टी पर भेज दिया गया। ऐसा ही कई और राज्यों में भी हुआ है। इस खबर में हम आपको ऐसी ही कुछ घटनाओं के बारे में विस्तार से बता रहे हैं जिन्होंने अपने को वीआइपी बताते हुए लॉकडाउन का उल्लंघऩ किया।

दरअसल इस कोरोना वायरस से निपटने के लिए देश में सरकार ने लॉकडाउन किया है। इस लॉकडाउन के दौरान डीएचएफएल (DHFL) मामले से जुड़े कपिल वाधवान और उनके परिवार से जुड़े 22 लोग खंडाला के महाबलेश्वर तक पहुंच गए, इसके बारे में जानकारी आने पर प्रदेश में हड़ंकप मच गया। सबसे पहले यही सवाल उठा कि आखिर जब लाकडाउन है, तो वाधवान परिवार महाबलेश्वर कैसे पहुंच गया?

मचा बवाल, अधिकारी छुट्टी पर भेजे गए 

इस मामले में बवाल मचने के बाद महाराष्ट्र की सरकार ने सख्त कार्रवाई की, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के प्रधान सचिव (विशेष) अमिताभ गुप्ता को छुट्टी पर भेज दिया। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि सीएम उद्धव ठाकरे से चर्चा के बाद प्रधान सचिव (विशेष) अमिताभ गुप्ता को जांच के लंबित होने तक तत्काल प्रभाव से अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया गया है। लॉकडाउन के आदेशों का उल्लंघन करने पर महाबलेश्वर पुलिस स्टेशन में DHFL समूह के कपिल वधावन और 22 अन्य (उनके परिवार के सदस्यों और नौकरों) के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

ऐसे मामला आया सामने 

वधावन बंधु अपने पारिवारिक सदस्यों और घरेलू सहायकों सहित महाबलेश्वर में अपने बंगले पर पहुंचे। इनके महाबलेश्वर स्थित अपने बंगले पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी और फिर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इस यात्रा के बारे में पूछे जाने पर वधावन बंधुओं ने पुलिस को बताया कि मेडिकल वजहों से वो महाबलेश्वर पहुंचे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस उस कथित पत्र की भी जांच कर रही है जो एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जारी किया गया था। इस पत्र में उन्हें यात्रा करने की इजाजत दी गई थी। 

विधायक ने मनाया जन्मदिन, केक काटा, दी बिरयानी पार्टी 

कर्नाटक में टुमकुर जिले के तुरुवेकेर (Turuvekere constituency) से बीजेपी विधायक एम जयराम (M Jayaram) ने लॉकडाउन के नियमों धज्जियां उड़ाते हुए जोर शोर से अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने केक काटकर बिरयानी पार्टी दी, इस पार्टी में बड़ी संख्या में जयराम के समर्थक शामिल हुए। बता दें कि जन्‍मदिन का केक काटने के बाद उन्‍होंने वहां मौजूद बच्‍चों के हाथों में केक का टुकड़ा दिया साथ ही सभी को बिरयानी भी खिलाई।

फुटबालर काइल वाकर ने किया उल्लंघन 

इंग्लैंड के फुटबालर काइल वाकर को इंग्लिश प्रीमियर लीग की टीम मैनचेस्टर सिटी की अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के दौरान लॉकडाउन का उल्लंघन किया था। इस खिलाड़ी ने अपने आवास पर पार्टी का आयोजन किया था। इसमें सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियमों का उल्लंघन किया गया था। 

सरकार ने की सख्ती 

सरकार ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने की ठानी है। इसके तहत ये तय किया गया है कि यदि किसी ने लाकडाउन में गैर जरूरी कामों के लिए सड़क पर उतरने की कोशिश की या फिर भीड़ इकट्ठी करने की कोशिश की तो उन्हें 6 महीने की सजा या हजार रुपये जुर्माना या फिर दोनों हो सकता है। पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से नाराजगी जताने के तत्काल बाद सरकार की ओर से राज्यों को कहा गया कि लाकडाउन लागू करने के लिए कानूनी प्रावधान भी अपनाएं। वहीं पीएम मोदी ने कहा- 'अभी भी कई लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं।' उन्होंने राज्य सरकारों से कहा कि नियम कानून का पालन करवाएं। 

विधायक ने पत्नी के साथ किया मंदिर में दर्शन 

महाराष्ट्र में लॉकडाउन के बीच BJP के एक विधायक (एमएलए) ने अपनी पत्नी के साथ मंदिर में जाकर पूजा थी, ऐसी सूचना मिलने पर उनके खिलाफ भी कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विधायक का नाम सुजीत सिंह ठाकुर है। उनके खिलाफ पंढरपुर शहर में केस दर्ज कराया गया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 269, 270 और 188 के तहत केस दर्ज हुआ है। सुजीत सिंह ने अपनी पत्नी के साथ पंढरपुर मंदिर जाकर भगवान विट्ठल और देवी रुक्मिणी की पूजा अर्चना की थी। पंढरपुर मंदिर महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में पड़ता है। लॉकडाउन के नियम-कानून तोड़ने के आरोप में विधायक पर केस दर्ज किया गया है।

अन्य उल्लंघन 

लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में सिडकुल पुलिस ने तीन दुकानदारों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। ये दुकानदार दुकान खोल कर लोगों की भीड़ लगाकर सामान बेच रहे थे। थाना सिडकुल पुलिस के अनुसार थाना सिडकुल क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्रों में परचून तथा कैराना की दुकान चलाने वालों के खिलाफ ये कार्रवाई की। इसके अलावा दो दुकानदारों का मौके पर ही चालान काट कर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया।

लॉकडाउन के उल्लंघन पर दिल्ली में 5 हजार से अधिक गिरफ्तार, 1018 वाहन सीज 

राजधानी दिल्ली की पुलिस लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त है। यहां मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है और वाहन भी सीज किए जा रहे हैं। दिल्ली में लगभग 300 मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान आईपीसी की धारा 188 के तहत 299 एफआईआर दर्ज की है। दिल्ली पुलिस ने 5146 लोगों को हिरासत में लिया और 1018 वाहन सीज किए हैं। लॉकडाउन के नियमों को न मानने के जुर्म में केवल उत्‍तराखंड में 4500 से अधिक लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 

Lockdown Violators: नागरिक व्यवहार में बढ़ रही अनुशासनहीनता, आपदा में समझना होगा अपना कर्तव्य

chat bot
आपका साथी